Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Auto Expo 2023: आटो एक्सपो में 48 कंपनियों के 82 वाहनों से उठा पर्दा, जल्द सड़कों पर नजर आएंगे लांच हुए वाहन

Auto Expo 2023 in Greater Noida आटो एक्सपो में लांच हुए वाहन अप्रैल 2023 तक सड़कों पर नजर आ जाएंगे। कई कंपनियों की कारें व मोटर साइकिलों की बुकिंग शुरू हो गई है। ज्यादतर कंपनियों का ईवी वाहनों पर ही जोर रहा है।

By Dharmendra KumarEdited By: Abhishek TiwariUpdated: Thu, 19 Jan 2023 12:49 PM (IST)
Hero Image
Auto Expo 2023: आटो एक्सपो में 48 कंपनियों के 82 वाहनों से उठा पर्दा

ग्रेटर नोएडा, धर्मेंद्र चंदेल। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित हुए 16 वें आटो एक्सपो में देश-विदेश की 48 वाहन निर्माता कंपनियों ने कार, बस, ट्रक, आटो व दुपहिया वाहनों की लांचिंग की। हालांकि, कुल 141 प्रदर्शक कंपनी इनमें शामिल हुई। आइआटी दिल्ली व मुंबई और नेशनल डिजाइन इंस्टीट्यूट ने भी हिस्सा लिया। ज्यादतर कंपनियों का ईवी वाहनों पर ही जोर रहा।

मारूति सुजुकी समेत कई कंपनियों के लांचिंग वाहनों की बुकिंग शुरू हो गई है। छह से सात माह के अंदर इनकी कारें बाजार में आ जाएंगी। शेष कंपनियों के लांच हुए वाहन भी अप्रैल 2025 तक सड़कों पर नजर आएंगे। जापान की लेक्सस व टाटा समेत कई कंपिनयों ने कांसेप्ट वाहन भी प्रदर्शित किए, लेकिन इनके 2025 के बाद ही बाजार में आने की संभावना है। इस बार आटो एक्सपो में पहली बार एथनाल व सुरक्षित सफर के पवैलिन भी लगाए गए।

हुंडई की आयोनिक-5 व मारूति सुजुकी की जिमनी की बुकिंग शुरू हो चुकी है। हुंडई की आयोनिक -6 एवं कीआ की ईवी-9 के अप्रैल 2025 तक बाजार में आने की संभावना है। टाटा की अविन्य कार के भी 2025 के बाद ही बाजार में आने की उम्मीद है।

इस बार चीन बीवाइडी ने भी आटो एक्सपो में ईवी कार एट्टो थ्री व सील लांच की। बाजार में यह कब तक आएगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। जापान की लेक्सस ने कांसेप्ट कारें लांच की, लेकिन इनके बाजार में आने की फिलहाल उम्मीद नहीं है। दो से ढाई वर्ष बाद ही ये सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी। वार्ड विजर्ड ने मिहोस व प्रवेग ने वीर कार लांच की। वन विभाग को वीर कार उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें कुछ परिवर्तन कर छह माह के बाद यह सेना को भी

उपलब्ध कराई जाएगी। वार्ड विजर्ड की मिहोस भी इसी वर्ष जुलाई के अंत तक सड़क पर आ जाएगी। कारों के अलावा आटो एक्सपो में दुपहिया व कामशियल वाहन भी लांच किए गए।

जूपिटर ने दो कामर्शियल वाहन लांच किए। इनकी बुकिंग शुरू हो चुकी है। छह माह के अंदर यह सड़कों पर नजर आएंगे। राक फैलर की कांसेप्ट बाइक भी 2024 तक बाजार मे आएगी। जाॅय ई बाइक एवं ग्रीव्स काटन की स्कूटी भी तीन माह के अंदर सड़कों पर होगी। एसएमएल इसुजू ने स्कूल बस, अशोक लेलेंड ने एंबुलेंस व ट्रक, जेबीएम ने ईवी बस और स्कूल बस, वोल्वो आयशर हाइड्रोजन ट्रक कांप्सेट व स्विच कंपनी ने डबल डेकर बस लांच की। इनके भी छह से आठ माह के अंदर बाजार में आने की संभावना है।

आटो एक्सपो में पहुंचे 636743 लोग

आटो एक्सपो के आयोजक सियाम के अध्यक्ष विनाेद अग्रवाल ने कहा कि 16 वां आटो एक्सपाे 2023 पूरी तरह से सफल रहा है। 11 जनवरी से शुरू हुए आटो एक्सपो में 18 जनवरी तक 636743 लोग कारों को देखने पहुंचे, जो अब तक हुए आटो एक्सपो में सबसे अधिक है। सस्टेनेबल मोबिलिटी और डीकार्बोनाइजेशन पर आटो एक्सपो में विशेष जोर रहा। सुरक्षित सफर के माध्यम से सड़क सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित किया गया। जैव ईंधन वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ''''जैविक पहल'''', ईवी, रिसाइकिल और गैस गतिशीलता पर आटो एक्सपो को केंद्रित किया गया।