Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बेनेट यूनिवर्सिटी के छात्र की हत्या का खुलेगा राज? गर्लफ्रेंड के साथ भागने वाले मास्टरमाइंड की मिली लोकेशन

ग्रेटर नोएडा के बेनेट विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र की हत्या करने वाले मास्टरमाइंड की कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। वह वारदात के बाद से अपनी गर्लफ्रेंड के साथ फरार है। कभी समय से पुलिस आरोपी की तलाश में है। खास बात है कि आरोपियों ने छात्र यश मित्तल की हत्या करके उसके शव को 10 फीट गहरे गड्ढ में दफना दिया था।

By Praveen Singh Edited By: Shyamji Tiwari Updated: Thu, 14 Mar 2024 03:02 PM (IST)
Hero Image
बेनेट यूनिवर्सिटी के छात्र की हत्या करके गर्लफ्रेंड के साथ मुंबई पहुंचा आरोपी

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित बेनेट विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले अमरोहा के छात्र यश मित्तल की हत्या के मास्टरमाइंड शुभम चौधरी की आखिरी लोकेशन मुंबई में मिली है। आरोपित की बहन सीआईएसएफ में तैनात है। आशंका है कि मुंबई में आरोपित उसी के यहां छिपा था।

प्रेमिका भी आरोपित के साथ फरार

आरोपित के साथ उसकी प्रेमिका भी फरारी काट रही है। शुभम को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। कारोबारी के बेटे यश की हत्या के मामले में शुभम ही वह अहम कड़ी है, जिसकी गिरफ्तारी के बाद कई टूटी हुई कड़ियां जुड़ेंगी। वही पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है कि शुभम उस दिन विश्वविद्यालय के बाहर भी मौजूद था, जब सुशांत व रचित यश को गाड़ी में बैठाकर ग्रेटर नोएडा से गजरौला ले गए थे।

दरअसल, घटना की जांच में जुटी पुलिस को शुभम के संबंध में कई अहम जानकारी हाथ लगी है। उसकी कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। जांच में यह भी पता चला है कि शुभम, रचित व सुशांत ने मिलकर यश का गला दबाया था। सबसे पहले शुभम ने ही उसका गला पकड़ा था। हत्या करने के बाद शव को अमरोहा के गजरौला में मिट्टी के दस फीट गहरे गड्ढे में दबा दिया था। हत्या में शुभम की महिला मित्र के शामिल होने की भी आशंका है। महिला मित्र को लेकर ही शुभम मुंबई पहुंचा था। वह ट्रेन में सवार होकर मुंबई पहुंचा था।

जल्द दाखिल होगी चार्जशीट

हत्या में शामिल सुशांत, रचित, शिवम, सुमित को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। चारों आरोपितों के खिलाफ पुलिस जल्द ही चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करेगी। मामले में मुख्य साक्ष्य के रूप में उस संदेश को भी शामिल किया जाएगा, जो आरोपितों ने यश की हत्या करने के बाद उसके पिता व बहन को भेजा था। यश के ही मोबाइल से संदेश भेजकर आरोपितों ने छह करोड़ की फिरौती वसूलने की भी कोशिश की थी।

यह है मामला

गजरौला के मोहल्ला टीचर्स कॉलोनी में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे सूर्य इलेक्ट्रॉनिक के नाम से शोरूम चलाने वाले प्रदीप मित्तल के 19 वर्षीय बेटे यश मित्तल की उसके ही दोस्तों ने 26 फरवरी की रात हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद शव को गजरौला के समीप तिगड़िया गांव के जंगल में 10 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया था। यश ग्रेटर नोएडा की बेनेट विश्वविद्यालय से बीबीए की पढ़ाई कर रहा था।

27 फरवरी को आरोपितों ने यश के फोन से उसके पिता प्रदीप मित्तल व बहन को मैसेज भेजकर छह करोड़ की फिरौती मांगी। तब स्वजन को मामले की जानकारी हुई और उन्होंने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने यश के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर गजरौला के मुहल्ला तिगरिया भूड़ में छापेमारी करते हुए उसके दोस्त रचित गुर्जर को गिरफ्तार किया। उसके बाद देर रात 28 फरवरी को दादरी में हुई मुठभेड़ में सुशांत, शिवम व सुमित पकड़े गए, तीनों को गोली लगी थी।

फरार आरोपित शुभम की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसको गिरफ्तार किया जाएगा। -अशोक कुमार, एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर