Move to Jagran APP

उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतने का क्या है 'भाजपा प्लान', पश्चिमी यूपी को लेकर है खास रणनीति; ब्रजेश पाठक ने किया खुलासा

लोकसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी दल चुनावी प्रचार में अपनी ताकत झोंकने में लगे हुए हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीट के लिए सभी पार्टियां पूरी ताकत झोंक रही है। इस बार भाजपा सभी सीटों पर जीत की उम्मीद रख रही है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. ब्रजेश पाठक ने 400 से ज्यादा लोकसभा सीटें जीतने का दावा किया है।

By Dharmendra Kumar Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Thu, 04 Apr 2024 10:57 AM (IST)
Hero Image
चार जून को 400 पार लेकर धरातल पर उतरेगा भाजपा गठबंधन : ब्रजेश पाठक

धर्मेंद्र चंदेल, नोएडा। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीट के लिए हर पार्टी अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। भारतीय जनता पार्टी ने पिछले चुनाव में 62 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस बार भाजपा सभी सीटों पर जीत की उम्मीद रख रही है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. ब्रजेश पाठक इस बात से पूरी तरह इत्तफाक रखते हैं।

राष्ट्रीय लोक दल का साथ मिलने के बाद इस बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहले के मुकाबले बेहतर जीत का दावा कर रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस बार भाजपा की क्या रणनीति रहेगी और किन चीजों को लेकर चुनौती हैं, इन्हीं सब बिंदुओं पर गौतमबुद्ध नगर के ब्यूरो प्रमुख धर्मेंद्र चंदेल ने उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. ब्रजेश पाठक से बातचीत की। पेश है बातचीत के प्रमुख अंश।

प्रश्न : पश्चिमी उत्तर प्रदेश को लेकर भाजपा की क्या खास रणनीति है?

पश्चिमी उत्तर प्रदेश ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लहर चल रही है। मैंने प्रथम चरण और तीसरे चरण की सभी सीटों का दौरा किया है। भाजपा प्रदेश की सभी 80 सीटों पर एकतरफा जीत दर्ज कर रही है। सपा गठबंधन कहीं भी लड़ाई में नहीं है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रमुख सीट गाजियाबाद से प्रत्याशी का नाम सामने आने में काफी समय लगा। टिकट क्यों बदलना पड़ा?

भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व तय करता है कि किसे टिकट दिया। जो बेहतर कार्यकर्ता होता है उसे जनता के सामने ले जाते हैं। सभी कार्यकर्ता इससे खुश भी हैं।

आप सभी 80 सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं। भाजपा ने ऐसी क्या रणनीति बनाई है?

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जो गरीब कल्याण योजना है, सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास है वह पार्टी को जीत दिलाएगी। प्रधानमंत्री ने कोविड महामारी से अब तक देश के लिए जो कार्य किया है, वह जीत दिलएगी।

दूसरी सबसे बड़ी चुनौती जो थी देश को विकसित बनाने की। विकसित भारत का संकल्प जो नरेन्द्र मोदी ने लिया है उसके साथ सब लोग जुड़ गए हैं। जनता चाहती है कि भारत विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित हो। भारत की जनता उनके इस संकल्प के साथ खड़ी है।

एनसीआर में जाम और प्रदूषण बड़ी समस्या है। इसको लेकर भाजपा का क्या रोडमैप है?

इसके लिए हम लोग कार्ययोजना बना रहे हैं। ठोस योजना तैयार की जा रही है। स्कूल व संस्थाएं बंद करना, वाहनों का संचालन बंद करना इससे प्रदूषण पर रोक नहीं लगाई जा सकती।

इस पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। दिल्ली एनसीआर में फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं, जिससे कि जाम से लोगों को न जूझना पड़े। अन्य विकास कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं। दिल्ली एनसीआर के हर शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाई जाएगी।

इस बार भाजपा को रालोद का साथ मिला है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रालोद के साथ मुस्लिमों का एक बड़ा वोट बैंक रहा है। क्या इस बार ये वोट बैंक भाजपा का साथ देगा?

मुस्लिमों का वोट बिल्कुल मिलेगा। भाजपा हमेशा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के आधार पर कार्य करती है। समाज का हर वर्ग पूरी तरह भाजपा के साथ है।

टिकट वितरण के दौरान भाजपा ने इस बार कुछ लोगों के टिकट काटे हैं। इससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी की बात सामने आ रही है। कहीं इससे समस्या तो उत्पन्न नहीं होगी?

कहीं भी किसी तरह का विवाद नहीं है। सभी सीटों पर सभी कार्यकर्ता और जनता परिवार की तरह एकजुट हैं। किसी तरह का कोई मनमुटाव नहीं है।

गौतमबुद्ध नगर में भाजपा का इस बार के चुनाव में कैसा प्रदर्शन रहेगा? बसपा और सपा गठबंधन दोनों के साथ मुकाबला है?

गौतमबुद्ध नगर के प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा एकतरफा प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेंगे। सभी जाति और धर्मों का वोट उन्हें मिलेगा। गरीब कल्याण योजना जन-जन तक पहुंची है। नोएडा एक वर्ल्ड क्लास शहर बना है।

सपा का गठबंधन फ्लाप साबित हो रहा है। उन्हें प्रत्याशी ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। बार बार प्रत्याशियों को बदल रहे हैं। जिन प्रत्याशियों को उतार रहे हैं वह लड़ने से मना कर रहे हैं।

भाजपा का जन कल्याणकारी योजना का ही नतीजा है कि जो विभिन्न राजनैतिक दलों और संस्थाओं के हैं वे बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़ रहे हैं। चार जून को 400 पार लेकर धरातल पर उतरेगा भाजपा गठबंधन।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।