Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Noida News: दादरी क्षेत्र के लोगों के लिए खुशखबरी, 25 करोड़ से प्यावली में बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय

जिला प्रशासन ने विद्यालय के लिए जमीन चिह्नित कर शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। प्रदेश सरकार निजी व सरकारी स्कूलों के बीच की खाई पाटने के लिए प्रत्येक जिले में विशेष सुविधाओं वाले इंटर कॉलेज बना रही है। यह स्कूल प्रदेश में बदलती शिक्षा व्यवस्था के लिए मॉडल के रूप में काम करेंगे।

By Ankur Tripathi Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Sun, 28 Jul 2024 10:16 AM (IST)
Hero Image
दादरी में जिले का पहला मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनेगा। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

अंकुर त्रिपाठी, ग्रेटर नोएडा। दादरी क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए खुशखबरी है। क्षेत्र के प्यावली गांव में 25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनने जा रहा है।

लड़कियों के सपनों को मिलेगी उड़ान

इससे क्षेत्र लगभग 30 गांवों के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सकेगी। क्षेत्र में अभी तक कोई इंटर कालेज नहीं होने से छात्रों को 15 से 20 किमी दूर दादरी शहर जाना पड़ता था। दूरी के कारण अभिभावक खासकर लड़कियों की पढ़ाई भी छुड़वा देते थे, लेकिन अब विद्यालय निर्माण के बाद लड़कियों के सपनों को भी उड़ान मिल सकेगी। आगे इनकी तर्ज पर दूसरे विद्यालय भी तैयार किए जाएंगे।

मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण से तीस गांवों के बच्चों को फायदा होगा। उन्हें शिक्षा के लिए अधिक दूर नहीं जाना पड़ेगा। खासकर लड़कियों को शिक्षा जारी रखने का मौका मिलेगा। मॉडल कंपोजिट विद्यालय के लिए किया गया प्रयास सफल रहा है। - तेजपाल नागर, विधायक दादरी

यह होंगी विद्यालय में सुविधाएं

  • जनपद में पहला मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय दादरी में बनने जा रहा है।
  • विद्यालय को मल्टी स्टोरी बनाया जाएगा।
  • प्री प्राइमरी से 12वीं तक के छात्रों के लिए करीब 30 से अधिक कक्षाएं होगी।
  • इसके साथ ही खेल का मैदान बनाया जाएगा।
  • रसायन,भौतिक और जीव विज्ञान के साथ ही एआइ की लैब बनाई जाएगी।
  • वाईफाई और ऑनलाइन सीसीटीवी मॉनिटरिंग की सुविधा होगी।
  • साफ-सफाई के लिए कर्मचारी और सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी गार्ड तैनात होंगे।
  • एक मल्टीपर्पज रूम होगा,रेनवाटर कलेक्शन सिस्टम, सोलर पैनल भी स्कूल में लगाए जाएंगे।
  • आरओ वाटर प्लांट, हाथ धोने की जगह भी बनाई जाएगी। मिड-डे मील मिलेगा और इसके लिए डायनिंग हाल भी होगा।

इन गांवों के बच्चों को होगा फायदा

प्यावली के साथ-साथ आकलपुर, ऊंचा अमीरपुर, बिसाहड़ा, चौना, जैतवारपुर, रसूलपुर, ततारपुर,पटारी, नरौली, सीदीपुर के साथ 23 अन्य गांवों के बच्चों को इसका फायदा होगा। इसके साथ ही हापुड़ जनपद के गांव नंगला के बच्चों को भी हाईटेक विद्यालय में प्रवेश मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के लिए प्यावली में करीब तीन एकड़ जमीन मिल गई है। यह विद्यालय हाईटेक सुविधाओं से लैस होगा। जल्द बजट जारी होते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। जनपद का यह पहला विद्यालय होगा। जहां प्री प्राइमरी से लेकर 12वीं तक के बालक और बालिका पढ़ सकेंगे। - राहुल पंवार,बेसिक शिक्षा अधिकारी