Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पश्चिमी UP के मौसम की तरह प्रदेश में ठंडे पड़े माफिया, नोएडा में बोले CM योगी- पाकिस्तान एक-एक रोटी को मोहताज

CM Yogi in Noida उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को नोएडा स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज जैसे पश्चिमी यूपी का मौसम ठंडा हो गया है वैसे ही उत्तर प्रदेश में माफिया ठंडे पड़ गए हैं। मुख्यमंत्री ने रविवार को गौतमबुद्ध नगर जिले में 1718.66 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

By GeetarjunEdited By: GeetarjunUpdated: Sun, 25 Jun 2023 02:58 PM (IST)
Hero Image
पश्चिमी UP के मौसम की तरह प्रदेश में ठंडे पड़े माफिया, नोएडा में बोले CM योगी।

नोएडा, जागरण डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को नोएडा स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज जैसे पश्चिमी यूपी का मौसम ठंडा हो गया है, वैसे ही उत्तर प्रदेश में माफिया ठंडे पड़ गए हैं। मुख्यमंत्री ने रविवार को गौतमबुद्ध नगर जिले में 1718.66 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

सुबह साढ़े 10 बजे नोएडा स्टेडियम पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर भारतवासी जनवरी 2024 का इंतजार कर रहा है, जब अयोध्या में बन रहे भव्य मंदिर में रामलला विराजमान होंगे।

जनसभा में और क्या बोले सीएम योगी?

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश के लोकतंत्र पर जब संकट आया था, तब आदरणीय जय प्रकाश नारायण, श्रद्धेय अटल बिहारी वायपेयी, आदरणीय आडवाणी समेत महान सेनानियों ने लोकतंत्र को बचाने का काम किया।

आपातकाल को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से 48 वर्ष पहले कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास किया था। लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास किया था। उस वक्त मुखर आवाजों में एक नाम पत्रकार रामनाथ गोयनका का भी था। आज उनके नाम से एक मार्ग का लोकार्पण का अवसर प्राप्त हुआ।

पाकिस्तान एक-एक रोटी के लिए मोहताज

मुख्यमंत्री ने जनसभा में आगे कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में प्रदेश में जी20 की बैठक हो रहीं हैं। आज पाकिस्तान एक-एक रोटी के लिए मोहताज हो रहा है, लेकिन भारत तेजी से बढ़ रहा है। 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। प्रदेश को छह वर्ष में एक नई पहचान देने का काम किया है।

1718.66 करोड़ रुपये की परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने पुलिस को दी जाने वाली 55 गाड़ियों के साथ वायु प्रदूषण से रोकथाम के लिए वाटर स्प्रिंकलर की गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई। साथ-साथ नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 1718.66 करोड़ रुपये की 124 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

पर्थला ब्रिज हुआ शुरू

नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट का बॉर्डर कहे जाने वाले सेक्टर-121 स्थित पर्थला गोल चक्कर के ऊपर केबल सस्पेंशन ब्रिज रविवार (25 जून) से जनता के खुल गया। सीएम द्वारा इसका उद्घाटन करने के बाद जनता के लिए ब्रिज को खोल दिया गया।

इससे नोएडा से ग्रेटर नोएडा के बीच वाहन फर्राटा भरेंगे। ब्रिज के नीचे से फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (एफएनजी) मार्ग का यातायात सुगम हुआ है। इससे दो लाख वाहन चालकों को राहत मिलेगी।