Move to Jagran APP

Noida News: साइबर अपराधियों ने महिला डॉक्टर से ठगे 59.54 लाख, अश्लील वीडियो शेयर करने से जुड़ा है मामला

नोएडा में एक महिला डॉक्टर को साइबर अपराधियों ने डिजिटल अरेस्ट कर 59 लाख रुपयों से ज्यादा की ठगी कर ली। महिला को दो दिनों तक डराया धमकाया गया। साइबर अपराधियों ने महिला चिकित्सक को बताया कि उसने कई मोबाइल नंबर पर अश्लील वीडियो साझा की है। अपराधियों ने डॉक्टर की बेटी का अपहरण और जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी।

By MOHD Bilal Edited By: Geetarjun Updated: Wed, 24 Jul 2024 11:11 PM (IST)
Hero Image
अश्लील वीडियो साझा होने की बात कहकर महिला चिकित्सक से ठगे 59.54 लाख।

जागरण संवाददाता, नोएडा। महिला चिकित्सक के मोबाइल नंबर से अश्लील वीडियो साझा करने की बात कहकर साइबर जालसाजों ने महिला चिकित्सक से 59.54 लाख रुपये की ठगी कर ली। साइबर क्राइम थाने को दी शिकायत में सेक्टर-77 की 40 वर्षीय डॉ. पूजा गोयल ने बताया कि 13 जुलाई को उनके पास अनजान नंबर से फोन आया।

कॉलर ने खुद को ट्राई का कर्मचारी बताया और कॉल मुंबई के तिलक नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों को ट्रांसफर कर दी। महिला चिकित्सक को बताया गया कि उसने कई मोबाइल नंबर पर अश्लील वीडियो साझा की है।

मनी लॉन्ड्रिंग केस में नाम

ऐसे में उसके नाम से अरेस्ट वारंट जारी हुआ है। महिला का नाम मनी लॉन्ड्रिंग केस में नरेश गोयल के साथ सामने आने की बात भी पुलिस अधिकारियों द्वारा कही गई। महिला चिकित्सक को बताया गया कि उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत केस दर्ज हो रहा है।

बेटी का अपहरण और जीवन बर्बाद करने की धमकी

कथित ट्राई के कर्मचारियों और पुलिस अधिकारियों ने महिला चिकित्सक की बेटी का अपहरण करने और जीवन बर्बाद करने की धमकी दी। इससे बाहर निकलने के लिए महिला को जिंदगी भर की कमाई जालसाजों द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर करने के लिए कहा गया।

दो दिन तक महिला को डराया

स्काइप कॉल के जरिये महिला को दो दिन तक डराया गया और उसे किसी से संपर्क करने तक की अनुमति नहीं दी गई। महिला के अंदर डर इस कदर बैठ गया कि 15 जुलाई को उसने 49 लाख 54 हजार रुपये ठगों द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। अन्य लोगों से पैसे लेकर महिला ने अगले दिन भी दस लाख रुपये ट्रांसफर किए।

ये भी पढ़ें- बंद फ्लैट को चोरों ने बनाया निशाना: 20 लाख की नकदी, आभूषण समेत कीमती सामान पर किया हाथ साफ

पीड़िता पर जब और पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया जाने लगा तब उसे ठगी की आशंका हुई और उसने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में की। महिला दिल्ली के एक निजी अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।