Move to Jagran APP

Noida Crime: बेटी को ससुराल छोड़ने आए लड़की और लड़के पक्ष के बीच विवाद, लाठी-डंडे चलने से दस घायल

पुलिस के अनुसार लड़की और लड़के की शादी 16 फरवरी 2016 को हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही लड़के पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर लड़की को प्रताड़ित करने लगे। कई बार पंचायत हुई लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। लड़की पक्ष दहेज उत्पीड़न को लेकर न्यायालय में चला गया। एक वर्ष मामला न्यायालय में चलने के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

By Arpit Tripathi Edited By: Sonu Suman Published: Sun, 30 Jun 2024 06:47 PM (IST)Updated: Sun, 30 Jun 2024 06:47 PM (IST)
नोएडा में बेटी को ससुराल छोड़ने आए लड़की और लड़के पक्ष के बीच विवाद।

संवाद सहयोगी, नोएडा। कोतवाली दादरी क्षेत्र के एक गांव निवासी लड़की पक्ष रविवार को लड़की को लड़के पक्ष के यहां छोड़ने पहुंचा तो दोनों में विवाद हो गया। दोनों तरफ से लाठी डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के दस लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत करा घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। खबर लिखे जाने तक दोनों तरफ से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात है।

पुलिस के अनुसार लड़की और लड़के की शादी 16 फरवरी 2016 को हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही लड़के पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर लड़की को प्रताड़ित करने लगे। कई बार पंचायत हुई, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। लड़की पक्ष दहेज उत्पीड़न को लेकर न्यायालय में चला गया। एक वर्ष मामला न्यायालय में चलने के बाद, दोनों पक्षों में समझौता हो गया। लड़की सुसराल आ गई, लेकिन छह माह बाद फिर विवाद हो गया। लड़की मायके चली गई। उसके बाद सामाजिक पंचायत हुई।

जो फैसला हुआ उसको लड़के पक्ष ने नहीं माना

लड़की पक्ष का आरोप है कि पंचायत में जो फैसला हुआ उसको लड़के पक्ष ने नहीं माना। रविवार को लड़की के स्वजन लड़के के घर बेटी को छोड़ने पहुंचे। दोनों पक्षों में वार्ता के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों पक्षों की तरफ से लाठी-डंडे, ईंट, पत्थर चल गए। इसमें एक पक्ष के रिंकू, सागर, प्रिंस, राजिंद्र, सुशील, सतीश, शोविंद्र और दूसरे पक्ष के ओमकार उर्फ फोली, सोवित, सोहन पाल, सुधीर घायल हो गए।

दहेज को लेकर न्यायालय में वाद विचाराधीन

कोतवाली प्रभारी दादरी सुजीत कुमार ने बताया कि रविवार को पल्ला निवासी स्वजन अपनी लड़की को दादरी क्षेत्र के गांव उसकी सुसराल रूपवास में छोड़ने आए थे। दोनों पक्षों का दहेज को लेकर न्यायालय में वाद विचाराधीन है। इसको लेकर दोनों में समझौता भी हो गया था, जिसको लड़के पक्ष ने नहीं माना तो लड़की के स्वजन उसको लेकर लड़के के घर रविवार को आए थे। उसी को लेकर दोनों में विवाद हुआ है। लिखित शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति है, पुलिस बल तैनात है।

ये भी पढे़ं- पिता और चाचा ने दामाद को शराब पीने बुलाया और करा दी हत्या, बेटी की पांच साल पहले की गई इस गलती से थे नाराज


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.