Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गैंगस्टर रवि काना और महिला मित्र काजल के थाईलैंड में गिरफ्तार होने की सूचना, भारत लाने की चल रही प्रक्रिया

सरिया व स्क्रैप माफिया रवि नागर उर्फ रवि काना व उसकी महिला मित्र काजल झा के थाईलैंड में गिरफ्तार होने की सूचना है। तकनीकी कारणों के चलते स्थानीय पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की है। हालांकि सूत्रों ने दावा किया है कि रवि को भारत लाने के लिए कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उसके खिलाफ लुक आउट व रेड कॉर्नर नोटिस जारी था।

By Praveen Singh Edited By: Geetarjun Updated: Tue, 23 Apr 2024 07:57 PM (IST)
Hero Image
थाइलैंड एयरपोर्ट पर रवि काना व काजल। सौ. इंटरनेट मीडिया

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। सरिया व स्क्रैप माफिया रवि नागर उर्फ रवि काना व उसकी महिला मित्र काजल झा के थाईलैंड में गिरफ्तार होने की सूचना है। तकनीकी कारणों के चलते स्थानीय पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की है।

हालांकि सूत्रों ने दावा किया है कि रवि को भारत लाने के लिए कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उसके खिलाफ लुक आउट व रेड कॉर्नर नोटिस जारी था। वह मंगलवार को थाईलैंड एयरपोर्ट पर दुबई की फ्लाइट पकड़ने के लिए पहुंचा था, तभी रेड कॉर्नर नोटिस के तहत वहां की पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया है।

थाईलैंड की पुलिस ने दी मौखिक सूचना

वर्तमान में रवि व काजल दोनों पर 25-25 हजार का इनाम है। सूत्रों ने दावा किया है कि थाईलैंड की पुलिस ने मौखिक सूचना तो दी है, लेकिन मेल पर इसकी जानकारी अभी कमिश्नरेट पुलिस को नहीं दी है।

पुलिस को शुरू से था थाइलैंड में होने का शक

दरअसल, सरिया व स्क्रैप माफिया रवि के खिलाफ जनवरी 2024 में लुक आउट व रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इन नोटिस के साथ पुलिस ने रवि पर दर्ज केस की जानकारी थाईलैंड पुलिस से साझा की थी। पुलिस को शुरू से शक था कि रवि थाईलैंड में है। मंगलवार को थाईलैंड की पुलिस ने रवि के एयरपोर्ट पहुंचते ही उसको हिरासत में ले लिया है।

रवि काना गिरोह के 14 आरोपी पहले ही गिरफ्तार हुए

रवि काना गिरोह के 14 आरोपितों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि रवि व काजल अब पकड़े गए है। रवि के खिलाफ पुलिस गैंगस्टर एक्ट व सामूहिक दुष्कर्म के केस में पांच सौ से अधिक पन्ने की चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। उसकी 150 करोड़ से अधिक की संपत्ति अब तक पुलिस जब्त कर चुकी है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें