Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अब कुछ ही मिनटों में पहुंचेंगे बांके बिहारी मंदिर, हेरिटेज सिटी परियोजना को जल्द मिल सकती है मंजूरी

Yamuna Authority मथुरा में 25 अगस्त को ब्रज विकास परिषद की बैठक होनी है। इस बैठक की अध्यक्षता खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। यमुना प्राधिकरण के हेरिटेज सिटी परियोजना को जल्द मंजूरी मिलने के आसार हैं। । हेरिटेज सिटी 735 एकड़ में तैयार की जाएगी। जिसके बन जाने के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे से बांके बिहारी मंदिर की कनेक्टिविटी जुड़ जाएगी।

By Arvind Mishra Edited By: Monu Kumar Jha Updated: Thu, 22 Aug 2024 10:22 AM (IST)
Hero Image
Heritage City Project: हेरिटेज सिटी परियोजना को 25 अगस्त को मिल सकती है हरीझंडी। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण के फेज दो में शामिल मथुरा जिले में हेरिटेज सिटी परियोजना को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। मथुरा में 25 अगस्त को ब्रज विकास परिषद की बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) करेंगे।

बैठक में यमुना प्राधिकरण के अधिकारी हेरिटेज सिटी (Heritage City Project) की संशोधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट का प्रस्तुतिकरण करेंगे। इस परियोजना को अगर बैठक में स्वीकृति मिलती है जो जमीन अधिग्रहण का काम शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा।

यमुना प्राधिकरण (Yamuna Authority) ने यमुना एक्सप्रेस-वे से बांके बिहारी मंदिर को कनेक्टिविटी के लिए नए एक्सप्रेस वे की योजना तैयार की है। यमुना एक्सप्रेस-वे (Yamuna Expressway) के 101 किमी प्वाइंट से ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे (Green Field Expressway) का निर्माण किया जाएगा। नए एक्सप्रेस-वे की लंबाई 6.9 किमी होगी।

दोनों तरफ हेरिटेज सिटी होगा विकसित

इसके दोनों ओर हेरिटेज सिटी को विकसित किया जाएगा। हेरिटेज सिटी 735 एकड़ में विकसित होगी। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे पर यमुना नदी पर ब्रज विकास परिषद द्वारा बनाए जा रहे पुल से जुड़ेगा। इसके जरिये यमुना एक्सप्रेस वे से बांके बिहारी मंदिर की सीधे कनेक्टिविटी हो जाएगी।

पूर्व में राया के निकट हेरिटेज सिटी विकसित करने की योजना तैयार की गई थी, लेकिन जमीन पर अतिक्रमण होने के कारण संशोधित विस्तृत परियोजना तैयार कराई गई। यह क्षेत्र मास्टर प्लान में शामिल न होने के कारण जमीन अधिग्रहण का काम शुरू नहीं हो पाया है।

शासन स्तर पर मास्टर प्लान को लेकर आपत्तियों का निस्तारण हो चुका है। मथुरा में 25 अगस्त को प्रस्तावित बैठक में हेरिटेज सिटी परियोजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्वीकृति के बाद जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा जाएगा।

यीडा सीईओ डा. अरुणवीर सिंह का कहना है कि हेरिटेज सिटी परियोजना से मथुरा में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वाणिज्यक एवं संस्थागत गतिविधियों को हेरिटेज सिटी में प्राथमिकता दी जाएगी। मथुरा के प्राचीन इतिहास से पर्यटकों को परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।

हेरिटेज सिटी में यह होंगी सुविधाएं

पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 27 एकड़ में पार्किंग विकसित की जाएगी। यमुना नदी के किनारे वाहनों को पार्किंग स्थल में खड़ा करने के बाद ई रिक्शा से मंदिर की ओर जाने की सुविधा होगी। परंपरागत जल स्रोत को संरक्षित किया जाएगा।

350 एकड़ में थीम आधारित सेंटर,103 एकड़ में योग, वैलनेस व प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, 97 एकड़ में हरित क्षेत्र होगा। 42 एकड़ में कन्वेंशन सेंटर के अलावा स्टार व बजट होटल विकसित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: Noida Airport: दिल्ली की तर्ज पर नोएडा एयरपोर्ट के पास भी बनेगा हैबिटेट सेंटर, मिलेंगी कई सुविधाएं

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर