Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गौतमबुद्धनगर में कांग्रेस इन मुद्दों पर लड़ेगी चुुनाव, जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया पार्टी की रणनीति

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस इस समय लोगों से घर-घर जाकर संपर्क साध रही है।चुनाव को लेकर कांग्रेस की जिले में क्या तैयारियां हैं इस संबंध में दैनिक जागरण के ब्यूरो प्रभारी ने पार्टी जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी से बातचीत की। प्रस्तुत हैं उसके अंश।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Sun, 22 Aug 2021 12:13 PM (IST)
Hero Image
गौतम बुद्ध नगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी।

नोएडा। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस इस समय लोगों से घर-घर जाकर संपर्क साध रही है। किसानों के मुद्दों को भी भुनाने का प्रयास किया जा रहा है। पिछले तीन दिनों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेक्टर और गांवों का दौरा कर अपने पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया। चुनाव को लेकर कांग्रेस की जिले में क्या तैयारियां हैं, इस संबंध में दैनिक जागरण के ब्यूरो प्रभारी धर्मेंद्र चंदेल ने पार्टी जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी से बातचीत की। प्रस्तुत हैं, उसके अंश।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में आपकी क्या तैयारियां हैं?

देखिए, इस बार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में परिवर्तन देखने को मिलेगा। कांग्रेस उम्मीद से अधिक सीटें जीतकर इतिहास रचेगी। पिछले तीन दिनों में कांग्रेसियों ने जिले में एक लाख से अधिक लोगों से संपर्क कर उन्हें पार्टी की नीतियों से अवगत कराया है। ग्राम स्तर पर बूथ कमेटियों का गठन अगस्त के अंत तक हो जाएगा।

क्या जिलास्तर पर संगठन के सभी पद भरे जा चुके हैं?

जिला संगठन में सभी पद पहले से भरे हुए हैं। आठ पदाधिकारी निष्क्रिय थे। उनकी जगह सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

जिलास्तर पर छह काम बताएं, जिन्हें बताकर आप वोट मांगेंगे?

किसानों का कर्ज माफ, बिजली का बिल हाफ, युवाओं को रोजगार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विस्थापित किसानों को जमीन के सर्किल रेट का चार गुणा मुआवजा व रोजगार, सभी किसानों को 64.7 फीसद अतिरिक्त मुआवजा व अर्जित भूमि की एवज में 10 फीसद भूखंड आवंटन प्रमुख मुद्दे रहेंगे।

चुनाव आप लड़ेंगे या नहीं, आपके जनपद में वीआइपी प्रत्याशी कौन होगा?

देखिए, चुनाव लड़ने का फैसला पार्टी हाईकमान तय करेगा। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका निर्वहन किया जाएगा। हमारी पार्टी का कोई भी प्रत्याशी वीआइपी नहीं होगा। सभी प्रत्याशी जनता के बीच के होंगे।

पिछली बार आपकी पार्टी का जनपद में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। इस बार को लेकर क्या कहना है?

ऐसा नहीं है। पिछली बार कांग्रेस का सपा के साथ गठबंधन था। नोएडा व जेवर सीट सपा के खाते में थी। दादरी सीट कांग्रेस के हिस्से में आई थी। पार्टी प्रत्याशी ने 40 हजार से अधिक मत लिए थे। इसे खराब प्रदर्शन नहीं कहा जा सकता। इस बार पार्टी उम्मीद से अधिक अच्छा प्रदर्शन करेगी।

अपना प्रमुख प्रतिद्वंद्वी किस दल को मानते हैं और क्यों, कठिन सीट किसे मानते हैं?

देखिए, कांग्रेस के अलावा किसी भी दल के पास चुनावी मुद्दा नहीं है। सिर्फ कांग्रेस मुद्दों की लड़ाई लड़ रही है। हम तीनों सीटों को कठिन मानकर चुनाव मैदान में उतरेंगे।