Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Noida News: स्क्रैप माफिया रवि काना के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, लगभग 100 करोड़ की संपत्ति सील

कभी भारी पुलिस सुरक्षा के बीच घूमने वाला रवि इन दिनों पुलिस का भगौड़ा है। सूत्रों ने दावा किया है कि सरिया व स्क्रैप से अर्जित अवैध संपत्ति से रवि काना ने दुबई में अकूत संपत्ति बनाई है। रवि पर कुल 11 आपराधिक केस दर्ज है। दर्ज केस में कहा गया है कि आरोपित जिले में लंबे समय से सरिया व स्क्रैप का अवैध धंधा कर रहे हैं।

By Praveen Singh Edited By: Shyamji Tiwari Updated: Wed, 03 Jan 2024 06:46 PM (IST)
Hero Image
अवैध तरीके की कमाई से रवि काना ने दुबई में बनाई अकूत संपत्ति

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। सरिया व स्क्रैप माफिया रवि नागर उर्फ रविन्द्र सिंह उर्फ रवि काना के खिलाफ कानून का शिकंजा लगातार कस रहा है। कभी भारी पुलिस सुरक्षा के बीच घूमने वाला रवि इन दिनों पुलिस का भगौड़ा है। सूत्रों ने दावा किया है कि सरिया व स्क्रैप से अर्जित अवैध संपत्ति से रवि काना ने दुबई में अकूत संपत्ति बनाई है।

यह संपत्ति उसके नाम पर नहीं है। उसके संपर्क में दुबई में रहने वाली एक महिला डॉक्टर है, जिससे मिलने के लिए वह कई बार दुबई भी जा चुका है। फरार रवि काना पर जल्द ही इनाम घोषित हो सकता है। दरअसल, सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित रवि काना समेत 16 के खिलाफ बीटा दो कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

रवि काना की करीब 100 करोड़ की संपत्ति सील हुई है। बीटा दो और इकोटेक एक कोतवाली पुलिस ने पूरी रात रवि के ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। ईकोटेक एक क्षेत्र में करीब 5 करोड़ के स्क्रैप व 30 करोड़ की जमीन की सील की घई।

बिसरख के चेरी काउंटी क्षेत्र में 5000 गज जमीन सील हुई है। इसके अलावा 20 खाली ट्रक, दो स्क्रैप से लदे ट्रक (जिनकी कीमत करीब 5 करोड़ है) को कार्रवाई के रडार में लाया गया। 200 टन स्क्रैप व 10 लाख का सरिया भी पकड़ा गया। 60 बड़े वाहन के दस्तावेज भी सील हुए हैं।

रवि पर दर्ज 11 आपराधिक केस

लंबे समय बाद पूरे गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। रवि पर कुल 11 आपराधिक केस दर्ज है। दर्ज केस में कहा गया है कि आरोपित जिले में लंबे समय से सरिया व स्क्रैप का अवैध धंधा कर रहे हैं। पुलिस ने केस में इसका पूरा ब्योरा दिया है। केस में रवि की पत्नी मधु व खुद को सीए बताने वाली महिला काजल झा पर मामले में नामजद है। पुलिस जल्द ही आरोपितों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई शुरू करेगी। मामले में अब तक राजकुमार, आजाद, विकास को सेक्टर 39 कोतवाली पुलिस व अनिल को बीटा दो कोतवाली पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

फैक्ट्री से स्क्रैप व निर्माणाधीन साइट से सरिया उतरवाते थे

जांच में कहा गया है कि रवि काना गिरोह जिले की विभिन्न निर्माणाधीन साइट पर जाने वाले सरिया से भरे ट्रकों को रोककर चालक से मिलीभगत कर सरिया उतरवा लेते है। रवि काना साइट के प्रबंधक को हथियारों के बल पर डराता था और पूरा वजन लिखा पढ़ी में कागजों में लिखवाता था।

जो सरिया उतारा जाता था उसको अपने गोदाम में ले जाकर अलग-अलग व्यापारियों को बेचा जाता था। रवि का बिसरख व कासना क्षेत्र में सरिया का गोदाम चलता है। ऐसे ही आरोपित स्क्रैप के ठेके को हथियाने के लिए पुलिस सुरक्षा लेकर फैक्ट्री में जाता था और दबाव बनाकर स्क्रैप का ठेका लेता है। वर्तमान में भी आरोपित के पास दस से अधिक फैक्ट्रियों में स्क्रैप का ठेका है।

बेनामी कंपनी के नाम हुई अकूत संपत्ति

गिरोह के सरगना रवि काना व अन्य आरोपित स्क्रैप टेंडर के लिए बेनामी कंपनी बनाते थे। अपने सहयोगी की बेनामी कंपनियों के नाम बाजार रेट का एक से 10 प्रतिशत यानि अत्यंत न्यूनतम दर पर प्राप्त कर टेंडर छीन लेते थे। गिरोह के आरोपित दूसरे कारोबारियों को कंपनी के टेंडर नहीं डालने देते है। आरोपितों की कंपनी प्राइम प्रेसिंग टूल्स प्राइवेट लिमिटेड ने पिछले तीन वर्षों में 97 प्रतिशत की दर से अवैध तरीके से वृद्धि की है। कंपनी के नाम पर अकूत संपत्ति अर्जित की जा चुकी है जिसकी कीमत 100 करोड़ से अधिक है।

अनिल दुजाना के लिए किया काम

एसटीएफ ने मेरठ में हुई मुठभेड़ में मई के महीने में कुख्यात अनिल दुजाना को मार गिराया था। उसके बाद यह बात प्रकाश में आई कि रवि काना अनिल दुजाना के लिए काम करता है। अनिल के इशारे पर ही रवि सरिया व स्क्रैप माफिया बना। तभी से पुलिस रवि की कुंडली खंगाल रही थी। सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज होने के तुरंत बाद रवि पर शिकंजा कसा गया है।

बड़े भाई की हो चुकी है हत्या

रवि के बड़े भाई हरेंद्र प्रधान की वर्ष 2014 में हत्या हो गई थी। हत्या के मामले में कुख्यात सुंदर भाटी को आजीवन कारावास की सजा गौतमबुद्धनगर जिला न्यायालय से हुई थी। यह हत्या सरिया के अवैध कारोबार के चलते हुई थी। सुंदर के खिलाफ गवाह होने के कारण ही रवि को पुलिस सुरक्षा मिली हुई थी। सरकारी सुरक्षा का दुरुपयोग करने की वजह से बाद में यह सुरक्षा हटा ली गई।

एक से तीन तक होना था यज्ञ

रवि के गामा स्थित आवास पर एक से तीन जनवरी तक यज्ञ होना था। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई थी। पांच हजार लोगों को निमंत्रण पत्र भेजा गया। जैसे ही उस पर 30 दिसंबर को नोएडा की सेक्टर 39 कोतवाली में सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ वह फरार हो गया।

इनके खिलाफ दर्ज हुआ गैंगस्टर एक्ट का केस

गैंग लीड रवि नागर उर्फ रविंद्र सिंह उर्फ रवि काना निवासी दादूपुर, राजकुमार नागर दादूपुर, तरूण छोंकर, अमन, विशाल, अवध उर्फ बिहारी, महकी नागर उर्फ महकार, अनिल, विक्की, अफसार, राशिद, आजाद, प्रहलाद, विकास नागर, काजल झा व रवि की पत्नी मधु।

यह भी पढ़ें- नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॉल में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, नौकरी दिलाने का दिया था झांसा; तीन गिरफ्तार

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें