Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Noida: कल होगी त्यागी समाज की बैठक, हजारों लोग होंगे शामिल; नोएडा में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

महापंचायत के लिए त्यागी समाज ने शनिवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया। सेक्टर-107 स्थित महर्षि आश्रम रामलीला मैदान में होने वाली महापंचायत के लिए शनिवार को पूरे दिन त्यागी समाज के लोग मंथन करते रहे। वहीं महापंचायत को लेकर नोएडा में ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है।

By GeetarjunEdited By: Updated: Sat, 20 Aug 2022 08:00 PM (IST)
Hero Image
महिला से अभद्रता का हुआ था वीडियो वायरल।

नोएडा [रवि प्रकाश सिंह रैकवार]। महापंचायत के लिए त्यागी समाज ने शनिवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया। सेक्टर-107 स्थित महर्षि आश्रम रामलीला मैदान में होने वाली महापंचायत के लिए शनिवार को पूरे दिन त्यागी समाज के लोग मंथन करते रहे। वहीं, महापंचायत को लेकर नोएडा में ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है।

फेस-2 कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में महिला से अभद्रता करने के मामले में गिरफ्तार श्रीकांत त्यागी के परिवार पर किए गए उत्पीड़न के खिलाफ रविवार को संयुक्त त्यागी स्वाभिमान मोर्चा रविवार को रामलीला मैदान में महापंचायत करेगा। इसमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, और बिहार समेत आठ प्रदेशों से ब्राह्मण, त्यागी, भूमिहार समेत अन्य समाज के 50 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान है।

हिस्सा लेने पहुंचे सैकड़ों लोग

महापंचायत को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं। अलग-अलग प्रदेशों के सैकड़ों लोग महापंचायत में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को ही शहर पहुंच गए। कार्यक्रम में विभिन्न समाज के लोगों के अलावा किसान संगठन के पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे।

पुलिस ने आयोजन स्थल का लिया जायजा

शनिवार को टेंट और लाइट लगाने सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। पुलिस और प्रशासन से जुड़े अधिकारी शनिवार को आयोजन स्थल पर पहुंचे और सुरक्षा की तैयारियों को परखा। आयोजन स्थल पर फायर और एलआइयू की टीमें भी पैनी नजर बनाए हुए हैं।

इंटरनेट मीडिया के विविध प्लेटफार्म पर पुलिस की टीम नजर रख रही है। एडिशनल डीसीपी अंकिता शर्मा ने बताया कि इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

महापंचायत के बाद पुलिस को देंगे ज्ञापन

राष्ट्रीय ब्रहर्षि महासंघ के प्रधान संरक्षक नरेंद्र त्यागी का कहना है कि श्रीकांत त्यागी ने जो अपराध किया है, उसकी सजा उसे जरूर मिलनी चाहिए, लेकिन श्रीकांत त्यागी के बहाने पुलिस और प्रशासन ने उसकी पत्नी को जबरन कई दिन तक हिरासत में रखा। श्रीकांत त्यागी के बच्चों और रिश्तेदारों को परेशान किया गया।

सर्वसमाज की मांग है कि श्रीकांत त्यागी की पत्नी को न्याय मिलना चाहिए। इसलिए यह महापंचायत बुलाई गई है। पुलिस ने जिन छह युवकों के खिलाफ कार्रवाई की थी। उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को खत्म करने की मांग महापंचायत में उठेगी।

महापंचायत के बाद पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन दिया जाएगा। शनिवार को बैठक कर महापंचायत को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। इस दौरान गेझा, भंगेल और नोएडा के आसपास के गांव के त्यागी समाज के लोगों का भरपूर सहयोग मिला। इस मौके पर सुधीर त्यागी, देवेंद्र त्यागी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जाएजा

किसानों की महापंचायत को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्कता बरत रहा है। शनिवार को पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने स्वयं जिले के तीनों जोन के डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और कोतवाली प्रभारियों के साथ बैठक की। महापंचायत के कारण आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने पर चर्चा हुई।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) लव कुमार रामलीला मैदान पहुंचकर सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही त्यागी समाज के लोगों से भी महापंचायत के दौरान पुलिस प्रशासन को सहयोग करने की अपील की। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अरुण सिंह ने महापंचायत के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर टेंट लगाने और बिजली आपूर्ति में जुटे कर्मचारियों को वर्षा के मद्देनजर सावधानी बरतने के निर्देश दिए। एसीपी ट्रैफिक पीके सिंह ने यातायात व्यवस्था का जाएजा लिया।

यह था मामला

ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी निवासी एक महिला द्वारा पेड़ लगाने का विरोध जताने पर श्रीकांत त्यागी ने उसके साथ अभद्रता की। अभद्रता और गाली-गलौज करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया के विविध प्लेटफार्म पर पांच अगस्त को वायरल हो गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा नेता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया और बाद में उसे मेरठ से गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना के दो दिन बाद श्रीकांत में पक्ष में आकर हंगामा करने वाले छह युवकों को भी गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान श्रीकांत की पत्नी और करीबियों को हिरासत में लिया गया था।

आयोजन स्थल के पास पुलिस का डेरा

महापंचायत में सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारी की गई है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर शनिवार से ही सैकड़ों पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई। कार्यक्रम को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी आयोजन स्थल के आसपास होने वाली हर गतिविधि की जानकारी ले रहे हैं। महापंचायत को लेकर पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने शनिवार को अधिकारियों संग बैठक की।

क्टर-107 स्थित महर्षि आश्रम रामलीला मैदान में रविवार को प्रस्तावित महापंचायत है। मार्ग पर सुबह से देर शाम तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।- यहां क्लिक कर पढ़ें कहां रहेगा डायवर्जन

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर