Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

स्पोर्ट्स सिटी के रूप में गौतमबुद्ध नगर को मिल रही नई उड़ान, बैडमिंटन और बास्केटबॉल की स्टेट चैंपियनशिप की मिली मेजबानी

पिछले एक साल में सबसे अधिक खेलों का आयोजन कराने का मौका प्रदेश में जनपद को मिला। 2023- 24 में तीन अंतरराष्ट्रीयचार राष्ट्रीय और चार स्टेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन खेल विभाग ने कराया था। सफल आयोजन कराने के कारण ही एक बार फिर से जिले का कई खेलों को कराने का जिम्मा मिला है। प्रदेश में पहली बार टैलेंट हंट बॉक्सिंग प्रतियोगिता भी जिले में होगी।

By Ankur Tripathi Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Wed, 17 Jul 2024 09:40 AM (IST)
Hero Image
अगस्त में बैडमिंटन और सितंबर में बास्केटबॉल की स्टेट चैंपियनशिप होगी।

अंकुर त्रिपाठी, ग्रेटर नोएडा। प्रदेश का शो विंडो कहे जाना वाले गौतमबुद्ध नगर को स्पोर्ट्स सिटी के रूप में नई उड़ान मिल रही है। एजुकेशन हब के नाम से विख्यात जनपद अब खेल का हब बनता जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय से लेकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता कराने के लिए गौतमबुद्ध नगर को चुना जा रहा है।

खेल सुविधाएं बेहतर होने के कारण विश्व पटल पर जिले को पहचान मिल रही है। अगस्त में बैडमिंटन और सितंबर में बास्केटबॉल की स्टेट चैंपियनशिप की मेजबानी एक बार फिर से जिले को मिली है। बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पहले जिले स्तर पर ट्रायल होंगे। उसके बाद मंडल की टीम का चयन होगा।

बैडमिंटन प्रतियोगिता में 75 जिलों की टीम होंगी शामिल

अगले महीने बैडमिंटन प्रतियोगिता होगी, जिसमें 75 जिलों की टीम शामिल होंगी। तीन दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में करीब 400 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। उनके रहने खाने पीने की व्यवस्था खेल विभाग की ओर से की जाएगी। इसके साथ ही सितंबर में बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होगा।

इन प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

एशियाई हैंडबाल,कामनवेल्थ वेटलिफ्टिंग,एशियाई चैंपियनशिप वेटलिफ्टिंग के अंतरराष्ट्रीय, खेलो इंडिया, महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप, सब जूनियर बालक और बालिका चैंपियनशिप राष्ट्रीय और बास्केटबॉल, फुटबाल, कबड्डी और बॉक्सिंग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हुई। इसके साथ ही पहली बार जनपद में पैरा राज्य प्रतियोगिता हुई।

खेल में बढ़ रहा रुझान

खेल में सुविधाएं बढ़ने से खिलाड़ियों का भी रुझान बढ़ रहा है। पहले कई सालों तक राष्ट्रीय और राज्य प्रतियोगिता नहीं होती थी,जिसके कारण खिलाड़ियों को मौका नहीं मिल पाता था, लेकिन अब खेलों का कार्यक्रम तय होने से प्रतिभाओं को मौका मिल रहा है। पदक जीतने वालों को सरकारी नौकरी में भी प्राथमिकता मिल रही है। सरकार की ओर से भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा रहा है।

सुविधाएं बेहतर होने से नए खिलाड़ियों के लिए रास्ता खुल रहा है। ओलिंपिक में भी पदक आएंगे। लड़कियां पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। पहले कोई प्रतियोगिता यहां नहीं होती थी। अब अंतरराष्ट्रीय से लेकर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हो रहा है।

- बबीता नागर, पहलवान

यह है खेल के मैदान

जनपद में कई खेल के मैदान है। ग्रेटर नोएडा में मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम,विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स और नोएडा में नोएडा स्टेडियम से लेकर कई खेल के मैदान हैं। जहां खिलाड़ी पसीना बहाते हैं। इसके साथ ही यहां कई अकेडमी भी संचालित होती हैं।

जनपद की पहचान अब अंतरराष्ट्रीय पटल पर हो रही है। कई देश यहां खेल की प्रतियोगिता कराने के लिए तैयार रहते हैं। युवा खिलाड़ियों को मौका मिल रहा है।

- जग्गा भाटी,उत्तर प्रदेश वालीबाल कप्तान

बैडमिंटन और बास्केटबॉल की स्टेट चैंपियनशिप की जिम्मेदारी जनपद को फिर मिल गई है। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के कारण अब जनपद स्पोर्ट्स सिटी बन रहा है।

- अनीता नागर,जिला उप क्रीड़ा अधिकारी