Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP International Trade Show: ग्रेटर नोएडा में आज से शुरू हो रहा ट्रेड शो, उपराष्ट्रपति और CM योगी करेंगे शुभारंभ

UP International Trade Show ट्रेड शो का दूसरा संस्करण 21 सितंबर से ग्रेटर नोएडा एक्सपो मार्ट में शुरू हो रहा है। पांच दिवसीय ट्रेड शो का उद्घाटन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस बार ट्रेड शो में वियतनाम की दर्शकों को संस्कृति खानपान और व्यापार के मौके मिलेंगे। ट्रेड शो में 80 से अधिक देशों के 500 से अधिक विदेशी निवेशक शामिल होंगे।

By Arpit Tripathi Edited By: Geetarjun Updated: Wed, 25 Sep 2024 12:26 AM (IST)
Hero Image
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए की गई तैयारी।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP International Trade Show) के द्वितीय संस्करण का आगाज बुधवार से इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में हो जाएगा। पांच दिवसीय ट्रेड शो का शुभारंभ दोपहर करीब 12 बजे देश के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। मंगलवार को प्रदेश सरकार में एमएसएमई, खादी, ग्रामोद्योग व कपड़ा मंत्रालय में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने मार्ट पहुंचकर मेले की तैयारी का जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रेड शो को हर सितंबर में करने का निर्देश दिया है। अब वह प्रदेश के सभी मंडलों में ट्रेड शो आयोजन करने की तैयारी में जुटे हैं। इससे प्रदेश के छोटे उद्यमियों को वैश्विक बाजार मिलेगा। उत्तर प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य हैं जहां खुद का अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो होता है।

प्रदेश की एक ट्रिलियन अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को पूरा करने में यह अहम योगदान देगा। पिछले वर्ष ट्रेड शो में छह हजार करोड़ का व्यापार हुआ था, इस वर्ष यहां 80 से अधिक देशों के 500 से अधिक विदेशी निवेशक शामिल करेंगे। देश प्रदेश की पारंपरिक कारीगरी समेत विभिन्न विभागों के करीब 2500 से अधिक स्टॉल लगेंगे। एक जिला एक उत्पाद को भी बड़ा मंच मिलेगा।

साढ़े 10 बजे ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां विश्राम करने के बाद सुबह 11.30 बजे इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट पहुंचेंगे। 11.40 पर उप राष्ट्रपति एक्सपो मार्ट पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे ट्रेड शो का शुभारंभ किया जाएगा।

दिखेगी वियतनाम की संस्कृति

इस बार ट्रेड शो में भागीदार देश वियतनाम हैं। ऐसे में दर्शकों को वियतनाम की संस्कृति, खानपान के साथ ही व्यापारियों व उद्यमियों को वियतनाम के व्यापारियों के साथ रूबरू होने का मौका मिलेगा। ट्रेड शो में अबतक डेढ़ लाख से ज्यादा लोग पंजीकरण कर चुके हैं।

यहां पर ओडीओपी खादी एवं ग्रामोद्योग, ग्राम्य विकास, संस्कृति एवं सूचना विभाग द्वारा विभिन्न प्रदर्शनियों के माध्यम से अपनी उपलब्धियों को दिखाया जाएगा। इसके अलावा स्टार्ट अप, ई-कामर्स, निर्यातक आदि विषयों पर तकनीकी सत्रों का भी आयोजन किया जाएगा।

जाने-माने गायक देंगे प्रस्तुति

ट्रेड शो में पांच दिन तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। हर दिन शाम चार बजे से रात के नौ बजे तक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें क्लासिकल डांस व संगीत के अलावा बालीवुड के संगीतकार समेत अन्य कलाकार शिरकत करेंगे। गायक अंकित तिवारी, गायिका माधवी मधुकर, गायिका कनिका कपूर, यूफोरिया ग्रुप अपनी प्रस्तुति देंगे। इनके अलावा वियतनाम के कलाकार संस्कृति प्रस्तुति लोक गायन का कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

पीयूष गोयल, जीतन राम मांझी करेंगे शिरकत

ट्रेड शो में भारत सरकार के एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, प्रदेश के औद्योगिक विकास नंद गोपाल नंदी आदि शिरकत करेंगे। वियतनाम के राजदूत गुयेन थान्ह भी समारोह में शामिल होंगे। इस बार दर्शक वियतनाम की समृद्ध संस्कृति, व्यंजन और अद्भुत उत्पादों का अनुभव करेंगे।

  • 26 सितंबर को कनिका कपूर सुगम कार्यक्रम पेश करेंगी।
  • 27 सितंबर शाम को बृज के लोक गायन की प्रस्तुति होगी।
  • 28 सितंबर को शाम साढ़े चार बजे से संस्कार गीत गायन, कत्थक, कृष्णा भक्ति गायन का आयोजन होगा।
  • 29 को भी साढ़े चार बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरु होंगे। बुंदेली लोकगायन, नृत्य नाटिका के आयोजन के बाद पलाश सेन के बैंड की प्रस्तुति होगी।

सभी प्रदेशों में बनेगी भाजपा की सरकार: राकेश सचान

राकेश सचान ने एक सवाल पर कहा कि हरियाणा व जम्मू कश्मीर में भाजपा की सरकार बनेगी। इस बार दोनों जगह कमल खिलेगा। आने वाले विधानसभा उप चुनाव में भाजपा 10 में से 10 सीटें जीतेगी। इस बार विपक्ष का सफाया होना तय है। उन्होंने भाजपा में नेतृत्व के मुद्दे पर भी विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में सीटें कम हुई थीं, लेकिन अब समय बदल गया है।

आज भाजपा प्रत्येक सीट पर मजबूत स्थिति में है। कुछ विपक्षी दल भाजपा में बार-बार नेतृत्व का मुद्दा उठा रहे हैं, जबकि ऐसा कोई मुद्दा ही नहीं है। केंद्र में नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी सफलता के साथ आगे बढ़ेगी।