Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

CM योगी का ग्रेटर नोएडा को बड़ा तोहफा, बोड़ाकी तक मेट्रो विस्तार को मंजूरी; दादरी के लोगों को होगा फायदा

ग्रेटर नोएडा में मेट्रो के इस विस्तार के लिए 416.34 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है। करीब 2.6 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक पर दो स्टेशन जुनपत और बोड़ाकी होंगे। इससे दादरी ग्रेनो व नोएडा से दिल्ली तक के लिए सीधी कनेक्टिविटी होगी। अभी दादरी के लोग अलग अलग साधनों से ग्रेनो व नोएडा जाते हैं जबकि कुछ लोग गाजियाबाद होते हुए नोएडा जाते हैं।

By Arpit Tripathi Edited By: Shyamji Tiwari Updated: Tue, 05 Mar 2024 09:16 PM (IST)
Hero Image
CM योगी का ग्रेटर नोएडा को बड़ा तोहफा

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। बोड़ाकी में प्रस्तावित मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब के विकास को तेज गति देने के लिए अब बोड़ाकी तक मेट्रो की कनेक्टिविटी को हरी झंडी मिल गई है। प्रदेश सरकार ने कैबिनेट की बैठक में नोएडा के सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा के जैतपुर स्थित डिपो तक चलने वाली एक्वा मेट्रो अब बोड़ाकी तक के लिए स्वीकृति दे दी है।

मेट्रो के इस विस्तार के लिए 416.34 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है। करीब 2.6 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक पर दो स्टेशन जुनपत और बोड़ाकी होंगे। इस रूट के बनने से दादरी और बोड़ाकी के आसपास से नोएडा ग्रेनो और आने वाले समय में दिल्ली के बीच सफर करने वाले लाखों यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।

बोड़ाकी में बनेगा मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब

ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी में मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब बनना है। यहां पर अंतरराज्यीय बस अड्डा, रेल, मेट्रो की सुविधाएं विकसित होंगी। डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक मेट्रो विस्तार के लिए पूर्व में ही डीपीआर तैयार हो गई थी, लेकिन हर बार बजट को लेकर मामला अटक जाता था। वर्तमान में एक्वा मेट्रो नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के जैतपुरा गांव स्थित डिपो स्टेशन तक चलती है।

अब बोड़ाकी तक मेट्रो की लाइन बिछेगी। इससे दादरी, ग्रेनो व नोएडा से दिल्ली तक के लिए सीधी कनेक्टिविटी होगी। अभी दादरी के लोग अलग अलग साधनों से ग्रेनो व नोएडा जाते हैं, जबकि कुछ लोग गाजियाबाद होते हुए नोएडा जाते हैं। अलीगढ़ से आने वाले लोग बोड़ाकी ट्रेन से उतरकर सीधे मेट्रो लेकर नोएडा और ग्रेनो जा सकेंगे।

शुरू में चार कोच की चलेगी मेट्रो

शुरुआत में मेट्रो संचालन में कम खर्च को ध्यान में रखते हुए बोड़ाकी तक चार कोच की मेट्रो चलेगी। जानकारी के मुताबिक रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के बाद मेट्रो कोच की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

बोडाकी के आस-पास के गांव चिटेहरा, दतावली कटहेरा, और पल्ला गांव को लाभ मिलेगा। इन गांवों की जमीन पर मल्टीमॉडल टांसपोर्ट हब, मल्टी मॉडल लाजिस्टिक हब, इंटिग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप बसाई जा रही है। बोड़ाकी के आसपास सात गांवों की 478 हेक्टेयर जमीन पर यह परियोजनाएं विकसित होंगी। अब तक करीब 80 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण हो गया है।

मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब से होगा विकास

बोड़ाकी में मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब प्रस्तावित है। यहां रेलवे टर्मिनल भी बनेगा। इसके बनने के बाद ग्रेटर नोएडा व उसके आसपास रहने वालों को पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल के लिए ट्रेनें यहीं से मिल जाएंगी। उन्हें नई दिल्ली और गाजियाबाद नहीं जाना पड़ेगा। इसके अलावा अंतरराज्यीय व स्थानीय बस अड्डा बनेगा। मेट्रो की कनेक्टिविटी भी होगी। इस हब में होटल भी बनेंगे। ऐसे में क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी।

यह भी पढ़ें- 

34 KM का सफर... 8 स्टेशन, गाजियाबाद में नए रूट पर चलेगी रैपिड ट्रेन; चुनाव से पहले PM मोदी का तोहफा

गाजियाबाद में जाम से राहत दिलाने की कवायद शुरू, तीन सड़कें बनाने की प्रक्रिया में आई तेजी

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर