Move to Jagran APP

पीलीभीत में प्रेमिका से मिलने पहुंचे किशाेर को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा; डायल 112 को दी चोट लगने की सूचना, लेकिन...

एक ही बिरादरी के लड़का और लड़की का प्रेम प्रसंग लंबे समय से चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन परिवार इसके लिए राजी नहीं थे। लड़का अपनी प्रेमिका से छिपकर मिलता था। बीती रात प्रेमिका से मिलने पहुंचा तो लड़की के स्वजनों ने उसे बंधक बना लिया। पिटाई से उसे गंभीर चोटें लग गईं और जब तक उसे इलाज मिलता उसकी मौत हो गई।

By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Sat, 20 Jul 2024 03:33 PM (IST)
Hero Image
खबर में सांकेतिक तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है।

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। प्रेमिका से मिलने गए एक किशोर को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। जब वह मरणासन्न हो गया तो डायल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी कि किशोर को गंभीर चोट लग गई है। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस गंभीर रूप से घायल युवक को कोतवाली ले गई।

इसके बाद सूचना पाकर किशोर का चाचा वहां पहुंचा। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

दियोरिया कोतवाली के गांव निवासी व्यक्ति के पुत्र का एक किशोरी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक ही बिरादरी के होने के कारण परिवारों में शादी की चर्चा चलीं। लेकिन बात नहीं बनी। शुक्रवार रात करीब आठ बजे किशोर अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर चला गया। वहां उसे बंधक बना लिया गया।

बेरहमी से पीटा किशाेर

आरोप है कि प्रेमिका के स्वजन ने किशोर की बेरहमी से पिटाई की। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार सुबह पांच बजे प्रेमिका के स्वजन ने ही डायल 112 नंबर पर फोन करके कहा कि किशाेर को चोट लग गई है। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

ये भी पढ़ेंः Kanwar Yatra 2024: दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे भारी वाहनों के लिए बंद; ये हैं बदले मार्ग, एक महीने बंद रहेगा रूट

ये भी पढ़ेंः UP Board Compartment Examination; 'राजा भोज का सपना' किस विधा की रचना है...हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा में पूछे सवाल

चिकित्सकों ने मृत घाेषित किया किशाेर

मौके पर पहुंची पुलिस घायल को अपनी गाड़ी से कोतवाली ले गई। किशाेर के पिता गांव बर्रामऊ में चल रहे एक धार्मिक कार्यक्रम में गए थे। ऐसे में सूचना पाकर किशाेर के चाचा कोतवाली पहुंचे। चाचा के अनुसार घायल किशाेर ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद घायल को बिलसंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद किशाेर को मृत घोषित कर दिया।

दियोरिया के प्रभारी निरीक्षक राजीव रंजन श्रीवास्तव के अनुसार अभी मृतक के स्वजन की ओर से तहरीर नहीं मिली है। घटना के बाबत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।