Move to Jagran APP

पीलीभीत में बेटियों से हैवानियत; आंगनबाड़ी सहायिका की नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म, घर में घुसकर किशोरी से गंदा काम

पीलीभीत में दो दिल दहला देने वाली घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक आंगनबाड़ी सहायिका की नाबालिग बेटी के साथ उसके घर में घुसकर दुष्कर्म किया गया जबकि दूसरी घटना में एक किशोरी को उसके ही घर में घुसकर दबोच लिया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Sun, 27 Oct 2024 02:48 PM (IST)
Hero Image
खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर का उपयोग किया गया हे।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। पीलीभीत जिले में किशाेरियों के साथ दुष्कर्म के दो मामले सामने आए हैं। आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका की नाबालिग पुत्री को घर में अकेला पाकर एक युवक घुस गया। उसने किशोरी को पकड़कर धमकाते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी लिखने के साथ ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं दूसरे मामले में एक युवक के घर में घुसकर कमरे में सो रही किशोरी को दबोच लिया और धमकाते हुए दुष्कर्म किया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़ित के चाचा ने घटना की तहरीर थाने में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आंगनबाड़ी सहायिका की बेटी से दुष्कर्म

बरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि वह आंगनबाड़ी केंद्र पर सहायिका के पद पर कार्यरत है। उसके पति पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के खटीमा में रहकर मजदूरी करते हैं। रोजाना की भांति 25 अक्टूबर को वह अपने आंगनबाड़ी केंद्र पर गई हुई थी। घर पर उसकी नाबालिग पुत्री अकेली थी। इस दौरान पूर्वाह्न करीब 11 बजे गांव का ही प्रमोद प्रजापति उसके घर में घुस आया।

बेटी को दी जान से मारने की धमकी

आरोप है कि प्रमोद ने उनकी पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। किसी से शिकायत करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। जब वह अपनी ड्यूटी पूरी करके आंगनबाड़ी केंद्र से वापस घर लौटी तो पुत्री ने घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह अपनी पुत्री के साथ थाने पहुंची। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी लिखी। थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश शुक्ला ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित किशोरी का मेडिकल कराया जा रहा है।

घर में घुसकर मानसिक रूप से कमजोर लड़की से दुष्कर्म

घुंघचाई थाना क्षेत्र में एक गांव निवासी ग्रामीण हरियाणा में रहकर मजदूरी करता है। गांव स्थित घर में उसकी मानसिक मंदित पत्नी नाबालिग बेटी के साथ रहती है। शुक्रवार की रात करीब दो बजे गांव का ही प्रियांशु नामक युवक उसके घर जा घुसा। कमरे में सो रही किशोरी को युवक ने बिस्तर पर ही दबोच लिया। उसे धमकाते हुए दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपित ने किशोरी को धमकाते हुए कहा कि अगर कहीं शिकायत की तो जान से मार देंगे।

ये भी पढ़ेंः UP By Election: करहल के रण में डिंपल यादव का बयान, बोलीं- 'रिश्तेदारी नहीं बल्कि विचारधारा और सिद्धांतों की लड़ाई'

ये भी पढ़ेंः सावधान! स्कूल में देर से आना और जल्दी जाना शिक्षकों को पड़ेगा भारी, मुख्‍यमंत्री की होगी नजर

किशाेरी ने चाचा को दी जानकारी

सुबह होते ही पीड़ित किशोरी पड़ोस में रहने वाले अपने चाचा-चाची के घर पहुंची और उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद किशोरी के चाचा ने थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी। थाना प्रभारी दीपक कुमार के अनुसार तहरीर के आधार पर आरोपित युवक के विरुद्ध दुष्कर्म एवं पास्को एक्ट के तहत प्राथमिकी लिख ली गई है। आरोपित फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।