Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Pilibhit Lok Sabha Seat Result: जितिन ने दिखाई ताकत, पीलीभीत में लहराया भगवा; गांधी परिवार नहीं तराई में है BJP का वर्चस्व

पीलीभीत मंडी समिति परिसर में 29वें चक्र की मतगणना के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद को निर्वाचित घोषित कर प्रमाण पत्र प्रदान किया। पीलीभीत में कुल 18 लाख 31 हजार 699 मतों में इस बार 11 लाख 54 हजार 206 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद को छह लाख सात हजार 158 वोट हासिल हुए।

By Mohammed Ammar Edited By: Mohammed Ammar Updated: Mon, 03 Jun 2024 09:06 PM (IST)
Hero Image
Pilibhit Lok Sabha Seat Result Live : विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे : जितिन प्रसाद

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। पीलीभीत लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जितिन प्रसाद निर्वाचित घोषित किए गए हैं। भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार को एक लाख 64 हजार 935 मतों से पराजित किया।

भाजपा प्रत्याशी को ईवीएम से छह लाख 5 हजार 199 वोट मिले जबकि पोस्टल बैलेट की गणना में उन्होंने 1,959 वोट प्राप्त किए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार को ईवीएम से चार लाख 39 हजार 735 मत मिले। साथ ही पोस्टल बैलेट से 2,488 मत प्राप्त हुए।

बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी अनीस अहमद खां फूल बाबू को ईवीएम से 89 हजार 252 मत मिले। उन्हें 445 मत पोस्टल बैलेट से मिले। इस सीट पर बसपा उम्मीदवार सहित आठ उम्मीदवार अपनी जमानत तक नहीं बचा सके। मंगलवार को देरशाम जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने भाजपा प्रत्याशी को निर्वाचन प्रमाणपत्र प्रदान किया।

जितिन प्रसाद की जीत से भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में जश्न का माहौल है। गांधी परिवार यानी पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी और सांसद वरुण गांधी की परपंरागत सीट के तौर पर मानी जाने वाली पीलीभीत संसदीय सीट पर भाजपा नेतृत्व ने इस बार सांसद वरुण गांधी का टिकट काटकर लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद को प्रत्याशी बनाया। जिस कारण भाजपा के लिए यह सीट बेहद प्रतिष्ठापूर्ण मानी जाने लगी।

वहीं समाजवादी पार्टी ने बरेली के नवाबगंज क्षेत्र के पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार तथा बसपा ने पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां फूल बाबू को प्रत्याशी बनाया। इस सीट पर कुल दस उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया था। लेकिन शुरुआत से ही यहां भाजपा और सपा के बीच सीधा मुकाबला होने के आसार बनते दिखाई देने लगे। मंगलवार की शाम चुनाव परिणाम ने इसे सच में तब्दील में कर दिया।

पीलीभीत संसदीय क्षेत्र में जिले की चार विधानसभा क्षेत्र पीलीभीत सदर, बरखेड़ा, बीसलपुर एवं पूरनपुर के अलावा बरेली की बहेड़ी विधानसभा शामिल हैं। मतगणना के पहले चक्र से ही भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा उम्मीदवार भगवतसरन गंगवार पर बढ़त बनाने लगे।

पीलीभीत मंडी समिति परिसर में मंगलवार को देरशाम 29वें चक्र की मतगणना के उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद को निर्वाचित घोषित कर प्रमाण पत्र प्रदान किया।

पीलीभीत संसदीय क्षेत्र में कुल 18 लाख 31 हजार 699 मतों में इस बार 11 लाख 54 हजार 206 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद को छह लाख सात हजार 158 वोट हासिल हुए। जबकि समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार भगवतसरन गंगवार को चार लाख 42 हजार 223 तथा बसपा उम्मीदवार अनीस अहमद खां फूल बाबू को 89697 वोट मिले।

भारतीय कृषक दल के राजीव कुमार सक्सेना को 3809, राष्ट्रीय समाज दल (आर) के संजय कुमार 1621, निर्दलीय आदर्श पांडेय को 1714, आशीष कुमार 1842, प्रमोद कुमार पटेल को 1526, मोहम्मद शाहिद हुसैन 1842 तथा सुशील कुमार शुक्ला को 2723 मत प्राप्त हुए। वहीं नोटा के पक्ष 6714 वोट मिले हैं।

नव निर्वाचित सांसद बोले- पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र में लगातार तीसरी बार सरकार बनना तय

लोकसभा सीट से नवनिर्वाचित सांसद जितिन प्रसाद कहा कि चुनाव में उनकी जीत यहां की जनता का आशीर्वाद है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार केंद्र में सरकार बनना तय है। चुनाव के दौरान जनता से उन्होंने जो भी वादे किए, उन सभी को पूरा किया जाएगा। उद्योगों को बढ़ावा दिए जाने के साथ ही ढांचागत विकास पर उनका फोकस रहेगा। साथ ही मानव-वन्यजीव संघर्ष यहां की बड़ी समस्या रही है। इस समस्या का भी प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराएंगे।

उन्होंने जोर देकर कहा कि संसदीय क्षेत्र का विकास कराने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे। मतगणना स्थल पर ही पत्रकारों से बातचीत करते हुए नव निर्वाचित सांसद ने कहा कि पूरे संसदीय क्षेत्र का विकास कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। यहां के सभी विधायकों व गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री के साथ ही संगठन के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर सभी जन समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी के सभी जनप्रतनिधियों के साथ ही संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी का संदेश घर-घर पहुंचाने का काम किया है। वह तो पीएम मोदी के दूत के रूप में यहां चुनाव लड़ने आए। पीलीभीत से उनका सदैव पारिवारिक रिश्ता रहा है। उस रिश्ते को और मजबूती दी जाएगी।