Move to Jagran APP

UP News: महिला से छेड़छाड़ करने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, जेल से आने के बाद भी नहीं आया था हरकतों में बदलाव

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में महिला से छेड़छाड़ करने वाले एक युवक की पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला के परिजनों ने युवक को बांधकर पीटा और इसी हालत में थाने ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई युवक की मौत होने पर महिला के परिजन शव छोड़कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By Manoj Mishra Edited By: Shivam Yadav Updated: Fri, 12 Jul 2024 01:30 AM (IST)
Hero Image
छेड़छाड़ के आरोपित की पीट-पीटकर हत्या, छह नामजद।

संवाद सूत्र, पीलीभीत। महिला से छेड़छाड़ करने के आरोपी एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे गांव में खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। मृतक के परिजनों की तहरीर पर छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी लिखी गई है।

यह है पूरा मामला

थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की शाम करीब चार बजे खेत पर गई महिला के साथ गांव के ही युवक ने छेड़छाड़ कर दी। शोर शराबा होने पर पड़ोस में ही खेत पर काम कर रहे पीड़िता की बहन का पुत्र उसे बचाने पहुंचा। उसके पहुंचते ही आरोपी अनिल उर्फ छोटे खेत से भाग निकला। 

महिला ने घटना की जानकारी घर पहुंचकर परिवार के लोगों को दी। इस पर परिजन आग बबूला हो गए और सभी आरोपी अनिल को ढूंढ़ने निकल पड़े। कुछ देर बाद गांव में ही महिला के परिजनों ने अनिल को ढूंढ निकाला। इसके बाद आरोपी युवक को रस्सी से से बांधकर पीटा। 

ग्रामीणों के मुताबिक, पीटने के बाद उसके हाथ पैर बांधकर घसीटते हुए गजरौला थाने की चौकी सुहास ले जा रहे थे कि गांव के बाहर पुलिया के समीप रास्ते में आरोपी की मृत्यु गई। रास्ते में मृत युवक को छोड़कर महिला के परिजन फरार हो गए। रात 9 बजे सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पूरी रात पुलिस शव की रखवाली करती रही। 

ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी युवक पहले भी कई महिलाओं के साथ गलत हरकतें कर चुका था। उसने गांव की ही एक महिला की वर्ष 2019 में निर्मम हत्या की थी। उसके विरुद्ध थाने में हत्या व दुष्कर्म का अभियोग पंजीकृत किया गया था। इसके बाद आरोपी जेल भी गया था। 

थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि एक युवक की पिटाई से मृत्यु हुई है। मृतक पर कई मुकदमें दर्ज हैं। 

मृतक के पिता रामचंद्र की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी लिखी गई है। युवक को बांधकर लाठी डंडों से पीटने से मृत्यु होना बताया जा रहा है। अभी मामले की जांच चल रही है। सभी आरोपी फरार हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: इसरो ने उड़ाया खास गुब्बारा… ऐसे करेगा काम कि मिलेगी मौसम की जानकारी, इसके लिए क्यों चुनी गई एएमयू की छत

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।