Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Pratapgarh News: बेकार पड़े पेट्रोल टैंक में धमाका, हवा में उछले मजदूर की मौत

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। प्रयागराज-अयोध्या हाईवे के पास स्थित एक बंद पेट्रोल पंप के टैंक को काटने के दौरान गैस से तेज धमाका हो गया। इस हादसे में 38 वर्षीय मजदूर शानू गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह पेट्रोल पंप चार साल से बंद था।

By rajan shukla Edited By: Shivam Yadav Updated: Tue, 01 Oct 2024 01:39 AM (IST)
Hero Image
घटनास्थल पर पड़ा निष्प्रयोज्य पेट्रोल टैंक और कटर चलाने को लाया गया गैस सिलेंडर: जागरण

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। प्रयागराज-अयोध्या हाईवे के बगल शहर से पांच किमी दूर गोपालपुर में बंद पड़े पेट्रोल पंप का टैंक काटते समय उसकी गैस से तेज धमाका हो गया। गैस कटर से टैंक काट रहा 38 साल का मजदूर शानू करीब 20 फीट तक हवा में उछलता जा गिरा व घायल हो गया। देर शाम एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में उसकी मौत हो गई।

मिलावट के आरोप में सीज था पंप

गोपालापुर में एस्सार का एक पेट्रोल पंप चार साल से बंद है। उसे मिलावट के आरोप में सीज किया गया था। उसके दो डीजल व एक पेट्रोल के निष्प्रयोज्य टैंक को पंप मालिक घनश्याम सिंह ने अख्तर कबाड़ी को बेच दिया।

कबाड़ी ने टैंक जमीन से निकलवाकर दूर खेत में रखा था। वह उसे टुकड़े-टुकड़े करके बेचना चाहता था। सोमवार को सुबह करीब 10 बजे अंतू पतुलकी निवासी 38 वर्षीय अनवर उर्फ शानू टैंक को काटने के लिए मजदूर के रूप में बुलाया गया था। वह गैस कटर से काट रहा था। साथ में दो युवक और थे। 

डीजल के दो टैंक काटने के बाद जैसे ही उसने पेट्रोल के टैंक में कटर लगाया, धमाका हो गया। उसका ढक्कन आसमान की ओर उछला और उसे काट रहा शानू उसी के साथ हवा में उछलकर करीब खेत में जा गिरा। 

इस दौरान सिर पर गंभीर चोट आने से अचेत हो गया। डरकर साथ लगे दोनों युवक भाग निकले। तेज आवाज सुन आसपास के लोग पहुंचे। धुएं के गुबार की वजह से पहले तो कुछ समझ नहीं पाए, जब धुआं छंटा तो देखा कि शानू के शरीर के कपड़ों के चीथड़े उड़ गए थे। वह धुएं से काला होकर पड़ा था। कुछ बोल नहीं पा रहा था। इधर टैंक के पास गैस सिलेंडर व कटर पड़ा था। लोग इतने डरे थे कि उसके पास कोई नहीं जा रहा था।

फिलहाल, कुछ ही देर में पुलिस पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायल शानू को राजा प्रताप बहादुर अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर दशा के चलते उसे एसआरएन अस्पताल प्रयागराज भेज दिया गया। देर शाम उसने वहां पर दम तोड़ दिया। 

सीओ सिटी शिव नारायण ने बताया कि बेकार पड़े पेट्रोल टैंक को काटते समय विस्फोट की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। घटना की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: समस्या में समाधान में देरी न होना अधिकारियों की जिम्मेदारी, सीएम योगी ने सुनी 200 लोगों की समस्या

यह भी पढ़ें: बुलडोजर के आगे लेटी महिलाओं को पुलिस ने घसीटा, घर के मर्दों को गिरफ्तार कर दुकान गिराने का आरोप

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें