Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Allahabad Seat Result 2024: रेवती की रणनीति से वर्षों बाद कांग्रेस को मिली संजीवनी, अमिताभ बच्चन के बाद कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में जीते उज्ज्वल

Allahabad lok sabha election 2024 Result Live - इलाहाबाद लोकसभा सीट ने देश को बड़ी राजनीतिक शख्सियतें दी हैं। देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री वीपी सिंह मुरली मनोहर जोशी जनेश्वर जैसे राजनीतिक दिग्गज यहां से चुनाव जीते हैं। हेमवती नंदन बहुगुणा को हराकर अमिताभ बच्चन भी यहां के सांसद रह चुके हैं। इलाहाबाद सीट पर कौन जीता-कौन हारा... पढ़ें यहां

By Shivam Yadav Edited By: Shivam Yadav Updated: Tue, 04 Jun 2024 01:14 PM (IST)
Hero Image
Allahabad Seat Result 2024: कांग्रेस प्रत्याशी उज्ज्वल जीते

शरद द्विवेदी lजागरण प्रयागराज : आखिरकार कांग्रेस हार का दाग धोने में सफल रही। वर्षों के अंतराल के बाद इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी ने चुनाव जीता है। कांग्रेस वर्ष 1984 -85 में हुए चुनाव के बाद से इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र में हार झेल रही थी। उज्ज्वल रमण सिंह यह क्रम तोड़ने में सफल रहे।

इसके पीछे उनके पिता व सपा के कद्दावर नेता कुं. रेवती रमण सिंह की रणनीति रही। अस्वस्थ होने के बावजूद जीवटता के साथ चुनाव संयोजन में लगे रहे। इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र देश के दूसरे प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की कर्मभूमि रही है।

वर्ष 1984 में महानायक अमिताभ बच्चन कांग्रेस के टिकट पर यहां से सांसद चुने गए। इसके बाद कांग्रेस के हर प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। स्थिति यह रही कि कांग्रेस प्रत्याशी जमानत बचाने के लिए लड़ते थे।

रीता बहुगुणा जोशी ही कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में वर्ष 2014 में जमानत बचाने में सफल रही थीं। इस बार गठबंधन के तहत सपा ने फूलपुर व कांग्रेस ने इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी उतारा था। चुनाव से पहले कांग्रेस के पास चुनाव लड़ने के लिए योग्य प्रत्याशी का टोटा था।

पार्टी के पास कोई कद्दावर नेता नहीं था, जिस पर वह दांव लगाते। इंडी गठबंधन बनने से कांग्रेस को संजीवनी मिल गई। कांग्रेस ने सपा के संस्थापक सदस्य व राष्ट्रीय महासचिव कुंवर रेवती रमण सिंह से संपर्क साधा। पीजीआइ में भर्ती रेवती रमण सिंह से मिलने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय गए। घंटों मंत्रणा चली।

उज्ज्वल को कांग्रेस की सदस्यता दिलाने पर सहमति बन गई। उज्ज्वल ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात करके सारी स्थिति बताई। अखिलेश ने कांग्रेस में जाने पर सहमति दे दी। इसके बाद उज्ज्वल रमण ने सपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। सहयोगियों संग लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में सदस्यता ग्रहण की। वह दो बार करछना से विधायक व सपा सरकार में मंत्री रहे हैं।

मृदुभाषी, मिलनसार होने का उज्ज्वल को फायदा मिला। सक्रियता कांग्रेस से अधिक सपा कार्यकर्ताओं की रही। अधिकतर रैलियों में सपा कार्यकर्ता कांग्रेस का झंडा लेकर पहुंचते थे।

रेवती रमण सारी रणनीति बनाते थे। कहां कौन सा मुद्दा उठाना है? किन क्षेत्रों में जनसंपर्क करना है? उसे तय करते थे। उज्ज्वल अच्छे से अनुसरण करते रहे। आमजनता के बीच व्यापक असर हुआ।

गंवई भाषा में बोलना, हर वर्ग से जुड़ना आया काम

रेवती रमण व उज्ज्वल रमण सुबह लेकर देर रात तक सक्रिय रहते थे। अशोकनगर स्थित घर पर आने वाले कार्यकर्ताओं से पिता-पुत्र आत्मीयता से मिलते थे। यमुनापार में प्रचार के दौरान उज्ज्वल सबसे गंवई भाषा में बात करके दिल से जुड़ जाते थे। मतदाताओं को यह रास आया। भूमिहारों के साथ ब्राह्मण, पटेल, वैश्य, मुस्लिम सहित हर वर्ग के मतदाताओं से संपर्क किया।

इलाहाबाद लोकसभा सीट का इतिहास

इलाहाबाद लोकसभा सीट ने देश को बड़ी राजनीतिक शख्सियतें दी हैं। देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री, वीपी सिंह, मुरली मनोहर जोशी, जनेश्वर जैसे राजनीतिक दिग्गज यहां से चुनाव जीते हैं। हेमवती नंदन बहुगुणा जैसे दिग्गज को हराकर अमिताभ बच्चन भी यहां के सांसद रह चुके हैं।

पहले सांसद श्रीप्रकाश स्वतंत्रता सेनानी थे और कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे। उनके बाद लाल बहादुर शास्त्री 1957 में यहां से सांसद चुने गए। 1973 में भारतीय क्रांति दल के जनेश्वर मिश्रा को जनता ने चुना। 1984 में अमिताभ बच्चन कांग्रेस की टिकट पर सांसद बने। 1988 के उपचुनाव में वीपी सिंह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीते। 1998, 2004 और 2009  में मुरली मनोहर जोशी ने चुनाव जीता। 

2004 में समाजवादी पार्टी के रेवती रमण सिंह यहां से सांसद रहे। 2014 में यह सीट भाजपा के खाते में गईं और श्यामाचरण गुप्ता सांसद बने। उन्होंने सपा के रेवती रमण सिंह को शिकस्त दी थी। इसके बाद 2019 में भाजपा के टिकट पर रीता बहुगुणा जोशी चुनाव जीतीं। मुरली मनोहर जोशी तीन बार इस संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।