Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2024: मुस्लिम वोटरों को साधने के लिए भाजपा ने बदली रणनीति, उर्दू व अरबी भाषा के जरिए 400 पार का नारा

Lok Sabha Election 2024 भाजपा ने प्रत्येक कार्यकर्ता को संवाद बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है। इसमें अलग अलग मोर्चें अपने लक्ष्य के अनुरूप सक्रिय हैं। युवाओं के लिए भाजपा युवा मोर्चा की टीम क्षेत्र में भ्रमण कर बताने की कोशिश कर रही है कि सरकार की योजनाएं उनके भविष्य को किस तरह संवारने में सहायक है। बीजेपी ने मुस्लिम वोटरों के साधने के लिए खास प्लान बना रही है।

By Jagran News Edited By: Swati Singh Updated: Wed, 27 Mar 2024 04:29 PM (IST)
Lok Sabha Election 2024: मुस्लिम वोटरों को साधने के लिए भाजपा ने बदली रणनीति, उर्दू व अरबी भाषा के जरिए 400 पार का नारा
मुस्लिम वोटरों को साधने के लिए भाजपा ने बदली रणनीति

अमलेंदु त्रिपाठी, प्रयागराज। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के विचार को लेकर चल रही भाजपा ने 2024 में 400 पार का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए पार्टी ने मुस्लिम समाज पर फोकस कर रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। घर घर दस्तक देने के साथ केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को गिनाया जा रहा है।

महिलाओं के लिए किए गए कार्यों व तीन तलाक जैसे मुद्दे को भी टाकिंग प्वाइंट बनाया जा रहा है। नई पहल करते हुए संगठन ने मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में उर्दू और अरबी भाषा में प्रचार सामग्री प्रसारित करने का निर्णय लिया है। इन होर्डिंग व पत्रकों पर लिखा है, फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार। ऐसे कई बैनर भी लगाए जाएंगे।

उर्दू में होर्डिंग लगाना शुरू

कुछ इलाकों में उर्दू में होर्डिंग लगाने का क्रम शुरू हो चुका है। बरेली और प्रयागराज में इसे देखा जा सकता है। जल्द ही मुरादाबाद, नगीना, अमरोहा, रामपुर, शहरनपुर, देवबंद, शामली, मेरठ जैसे क्षेत्रों में भी यह पहल दिखेगी।

भाजपा ने प्रत्येक कार्यकर्ता को संवाद बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है। इसमें अलग अलग मोर्चें अपने लक्ष्य के अनुरूप सक्रिय हैं। युवाओं के लिए भाजपा युवा मोर्चा की टीम क्षेत्र में भ्रमण कर बताने की कोशिश कर रही है कि सरकार की योजनाएं उनके भविष्य को किस तरह संवारने में सहायक है।

महिला मोर्चा की टीम भी है सक्रिय

महिला मोर्चा की टीम भी मुस्लिम बस्तियों में सक्रिय है। क्षेत्र की प्रभावशाली महिलाओं खासकर मुस्लिम महिला शिक्षक, अधिवक्ताओं के साथ सम्मेलन का क्रम जारी है। घर-घर दस्तक अभियान में सरकार के कार्यों को बताने वाले पत्रक भी बांटे जा रहे हैं। विभिन्न आयोजनों के जरिए एक माह में सिर्फ प्रयागराज में 800 से अधिक मुस्लिम वर्ग के लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इसमें करीब 50 प्रतिशत महिलाएं भी हैं।

मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में गतिविधि बढ़ाएगी बीजेपी

भाजपा नेता व अखिल भारतीय गौ रक्षा महासंघ के प्रदेश महामंत्री/पूर्वांचल प्रभारी समर अब्बास रिजवी कहते हैं कि पिछले दिनों केंद्रीय पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में तय किया गया कि मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियों को बढ़ाया जाए। अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए उर्दू व अरबी भाषा में पत्रक प्रकाशित कराते हुए बांटा जाए। आवश्यकता के अनुसार बैनर व होर्डिंग भी इसी भाषा में लगाए जाएं।

नए और पहले वोटरों को जोड़ने के लिए बीजेपी का प्लान

शीर्ष पदाधिकारियों का मानना है कि मुस्लिम वर्ग में तमाम बुजुर्ग हिंदी, अंग्रेजी को बहुत अच्छी तरह नहीं समझते जबकि उर्दू और फारसी को अपनी जुबान मानते हैं। यदि उर्दू और फारसी में पार्टी के संदेश को प्रसारित किया जाए तो सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इस दिशा में कार्य के लिए अल्पसंख्यक मोर्चा को जिम्मेदारी दी गई है। नए और पहले वोटर को भी पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य है। फाफामऊ में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बासित अली की ओर से पहली उर्दू में होर्डिंग लगाई गई है।

पहली बार होगा उर्दू और अरबी भाषा का प्रयोग

इसमें प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह व अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की तस्वीर लगी है। इस पर एक बार फिर मोदी सरकार का स्लोगन अंकित है। समर अब्बास कहते हैं कि इससे पूर्व पार्टी की ओर से हिंदी के साथ अंग्रेजी में प्रचार सामग्री कुछ राज्यों में प्रसारित होती रही है, लेकिन उर्दू और अरबी भाषा का प्रयोग पहली बार हो रहा है।

यह भी पढ़ें: UP Politics: जिस सांसद ने धर्मेंद्र यादव की हैट्रिक रोककर BJP की जीत का सूखा किया था खत्म, जानिए टिकट कटने के बाद क्या बोलीं