Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

ब्रजेश पाठक ने यूपी उपचुनाव की सभी 10 सीटों पर किया जीत का दावा, बोले- हरियाणा में राहुल की खटाखट नीति हुई फेल

हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह पीएम मोदी की कल्याणकारी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर चुनाव परिणाम का यूपी में होने वाले उपचुनाव पर असर पड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा सारी सीटों पर जीत हासिल करेगी।

By amardeep bhatt Edited By: Abhishek Pandey Updated: Wed, 09 Oct 2024 11:41 AM (IST)
Hero Image
यूपी के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कल्याणकारी नीतियों का परिणाम है। कांग्रेस नेता ने लोकसभा चुनाव में संविधान के खतरे में होने का भय और सबके खाते में खटाखट पैसा डालने का सपना दिखाकर वोट हासिल किया था। हरियाणा की जनता अबकी गुमराह नहीं हुई। इससे उनकी खटाखट की नीति फेल हो गई।

यह बातें प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कही। सर्किट हाउस में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जनता को केवल गुमराह कर रहे थे। हरियाणा विधानसभा चुनाव में कभी जलेबी तो कभी मक्खन लेकर आए।

उन्होंने कहा कि हरियाणा चुनाव में कांग्रेस ने कृषि कानूनों, पहलवानों और अग्नि वीरों का मुद्दा नकारात्मक तरीके से उठाया। सत्यता यह है कि कांग्रेस न किसानों के साथ है, न पहलवानों के साथ। पीएम मोदी के कार्यकाल में खेल विभाग के बजट को लगभग दोगुना से अधिक किया गया है।

यूपी में 22 करोड़ की धनराशि अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों को योगी सरकार ने दी है। कांग्रेस चुनाव जीतती है तब ईवीएम सही होता है, लेकिन जब हारती है तो ईवीएम पर सवाल उठाती है। जम्मू-कश्मीर की जनता का भी भाजपा ने भरोसा जीता है।

वहीं हरियाणा और जम्मू कश्मीर चुनाव परिणाम का यूपी में 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव पर असर पड़ने के सवाल पर कहा कि भाजपा सारी सीटों पर जीत प्राप्त करेगी।

हरियाणा की जीत पर उपमुख्यमंत्री के साथ भाजपाइयों ने बांटी जलेबी

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। हरियाणा में लगातार तीसरी बार प्रचंड जीत मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। भाजपा कार्यालय पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र के नेतृत्व में जलेबी बांटकर कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। इस दौरान पूर्व विधायक प्रवीण पटेल, सुबोध सिंह, मुरारी लाल अग्रवाल, सुशील मिश्रा, विजय द्विवेदी, राजेश केसरवानी, अविनाश दुबे आदि मौजूद रहे।

पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा था कि हरियाणा कांग्रेस के नेता दीपेंद्र हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला और शैलजा अपने में ही जलेबी बांट रहे थे। मैंने एक्स पर पोस्ट करके कहा कि प्रयागराज से जलेबी उन्हें भेज रहा हूं। इस मौके पर नरेंद्रदेव पांडेय, रईश चंद्र शुक्ल, महापौर गणेश केसरवानी, मृत्युंजय तिवारी,मनिंद्र श्रीवास्तव, ध्रुवकांत, सभाजीत, अनूप कुशवाहा, रविंद्र गांधी आदि मौजूद रहे।

मंत्री नन्दी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर दी जीत की शुभकामना

प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करके उन्हें हरियाणा में जीत व जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में भाजपा के शानदार प्रदर्शन की बधाई दी। नन्दी ने कहा कि विभाजन-खोखले वादों-चुनावी रेवड़ियों की राजनीति को जनता ने सिरे खारिज किया है। हरियाणा तो झांकी है। आगामी झारखंड, महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव तथा उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में जनता यही जनादेश दोहरायेगी।

उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार सांस्कृतिक, आर्थिक एवं औद्योगिक प्रगति की नई इबारत लिख रही है। मंत्री नन्दी ने मुख्यमंत्री से विभिन्न मामलों पर विस्तृत चर्चा करके विभागीय विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कांग्रेसियों ने मनाई खुशी

जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस पार्टी और नेशनल कांफ्रेंस गठबंधन के बेहतर प्रदर्शन पर शहर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। अध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र अंशुमन ने कहा कि यह जननायक राहुल गांधी के संघर्षों की जीत है। इस दौरान लल्लन पटेल, विनय पांडेय, दिवाकर भारतीय, इस्तियाक अहमद, दिलीप पटेल, नफीस कुरैशी, सौरभ चौधरी, विक्रम पटेल, संतोषानंद महाराज, सुशील द्विवेदी, विशाल सोनकर, श्याम शुक्ला आदि मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें: आंगनबाड़ी में टॉयलेट क्लीनर पीने से तीन साल के मासूम की मौत, गुस्साए लोगों ने किया हंगामा

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें