Move to Jagran APP

Phulpur ByPoll: फूलपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने दीपक पटेल को मैदान में उतारा, कांटे का होगा मुकाबला

फूलपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने दीपक पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया है। पटेल 2012 में बसपा के टिकट पर करछना से विधायक चुने गए थे। 2017 में वह फिर से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े लेकिन हार गए। इसके बाद उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया। अब वह भाजपा में शामिल हो गए हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) ने मुज्तबा सिद्दीकी को मैदान में उतारा है।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Updated: Thu, 24 Oct 2024 12:25 PM (IST)
Hero Image
करहल विधानसभा सीट से दीपक पटेल भाजपा के उम्‍मीदवार बनें।- जागरण
 जागरण संवाददाता, प्रयागराज। भाजपा ने लंबे इंतजार के बाद उत्तर प्रदेश में उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। फूलपुर विधानसभा से पूर्व विधायक दीपक पटेल को मैदान में उतारा गया है। इससे पहले वह 2012 विधानसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर करछना से विधायक चुने गए थे।

2017 के विधानसभा चुनाव में भी वह बसपा के टिकट पर मैदान में उतरे थे लेकिन उज्ज्वल रमन सिंह से हार का सामना करना पड़ा। उसके बाद पार्टी विरोधी गतिविधि के आरोपों के साथ बसपा ने उन्हें व चार बार की जिला पंचायत रही उनकी मां केशरी देवी पटेल को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था।

इसके साथ ही वह भाजपा के साथ आ गए। पार्टी ने 2019 में फूलपुर संसदीय सीट से केशरी देवी को टिकट दिया। वह जीत दर्ज करने में सफल हुईं। इस बीच दीपक खुद भी विधानसभा के टिकट के लिए प्रयास करते रहे लेकिन एक परिवार एक टिकट की नीति के चलते उन्हें सफलता नहीं मिली।

इसे भी पढ़ें- सगाई से नाराज नाबालिग बेटी का मां-भाभी ने मंगेतर से करवाया दुष्कर्म!

पिछले 2024 लोकसभा चुनाव में केशरी देवी पटेल का टिकट कट गया। इससे उनमें नाराजगी भी देखी गई लेकिन उप चुनाव में पार्टी ने फिर इस परिवार पर भरोसा जताया है।

सपा के मुज्तबा समेत तीन ने कराया नामांकन

फूलपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में बुधवार को सपा के मुज्तबा सिद्दीकी और दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपना नामांकन कराया। मुजतबा ने दो सेट में पर्चा दाखिल किया, जबकि दोनों निर्दल उम्मीदवारों ने एक-एक सेट में ही पर्चा जमा किया। नामांकन के लिए अब दो दिन गुरुवार व शुक्रवार ही बचे हैं। दोनों दिन सबसे ज्यादा नामांकन होने की उम्मीद है। इसको लेकर कलेक्ट्रेट में मुख्य गेट से लेकर नामांकन कक्ष तक अतिरिक्त प्रबंध किए गए हैं।

इसे भी पढ़ें-31 अक्‍टूबर या एक नवंबर? कब मनाई जाएगी दीपावली

गुरुवार को बसपा प्रत्याशी जितेंद्र कुमार सिंह का पर्चा दाखिल होगा। शुक्रवार को नामांकन पत्र जमा करने का अंतिम दिन है। उप चुनाव को लेकर कलेक्ट्रेट में अब गहमागहमी बढ़ गई है। अंतिम दो दिनों तक यह गहमागहमी और भी बढ़ने की उम्मीद है। इन्हीं दो दिनों के दौरान भाजपा प्रत्याशी का पर्चा जमा किया जाएगा।

पहुंचे दोनों प्रेक्षक प्रयागराज

फूलपुर उपचुनाव को लेकर सामान्य प्रेक्षक व व्यय प्रेक्षक बुधवार को प्रयागराज पहुंच गए। सामान्य प्रेक्षक के साथ एसडीएम करछना (न्यायिक) जूही प्रसाद व आबकारी निरीक्षक आयुष राय लाइजन अफसर के रूप में लगाए गए हैं। व्यय प्रेक्षक के साथ संभागीय लेखाधिकारी खाद्य एवं रसद प्रवीण कुमार वर्मा लाइजन अफसर हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।