Move to Jagran APP

प्रयागराज में शव दफनाने को लेकर विवाद, दो समुदाय आमने-सामने; पुलिस ने संभाला मोर्चा

प्रयागराज में विवादित जमीन पर महिला के शव को दफनाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को दूसरे कब्रिस्तान में दफनाया गया। स्थानीय लोगों का कहना था कि विवादित जमीन पर कई साल पहले पत्थरगढ़ी भी कराई गई थी।

By Tara Gupta Edited By: Abhishek Pandey Updated: Tue, 15 Oct 2024 08:18 AM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। विवादित जमीन पर महिला का शव दफनाने को लेकर सोमवार दोपहर विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने पर दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। बवाल की आशंका पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को दूसरे कब्रिस्तान में दफनाया गया।

होलागढ़ थाना क्षेत्र के होलागढ़ गांव निवासी मो. आशिक की 65 वर्षीय पत्नी हसीना बानो का निधन हो गया। घरवाले सोमवार दोपहर दफनाने के लिए विवादित जमीन पर पहुंच गए। यह देख दूसरे समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताई तो विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने पर दोनों तरफ से दर्जनों लोग आ गए।

इसी बीच खबर पाकर एसडीएम सोरांव देवेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष होलागढ़ सविन तोमर फोर्स के साथ मौके पर पहुंच लोगों से बातचीत कर समझाने का प्रयास किया, लेकिन शव दफनाने की जिद पर अड़े रहे।

नायब तहसीलदार ने पांच दिन में विवादित जमीन का निस्तारण करने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं हुए। कई घंटे बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। तब जाकर मो. आशिक पक्ष के लोगों ने दूसरी कब्रिस्तान में शव को दफनाया। स्थानीय लोगों का कहना था कि विवादित जमीन पर कई साल पहले पत्थरगढ़ी भी कराई गई थी।

पैसे के विवाद में की थी हत्या, युवक हिरासत में

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। चाट के ठेले पर सो रहे युवक की हत्या पैसे के विवाद में हुई थी। हत्याकांड में कर्नलगंज पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया है, जिसने हत्या की बात स्वीकार की है, मगर मृतक के बारे में कुछ नहीं बता सका। उधर, सोमवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ, जिसमें सिर पर गहरी चोट लगने से मृत्यु होने की बात सामने आई। मृतक की शिनाख्त न होने के कारण पुलिस ने शव की अंत्येष्टि करवा दी।

गुरुवार दोपहर स्टैनली रोड पर स्थित मोहक अस्पताल के सामने रोड की पटरी पर आयान चाट कार्नर के ठेले पर खून से लथपथ एक युवक की लाश मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की, जिसके बाद पाया गया कि युवक की हत्या की गई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया तो एक युवक ठेले के पास करीब 10 मिनट तक खड़ा था। इसी आधार पर शिवकुटी निवासी युवक को पुलिस ने उठा लिया। पूछताछ में उसने पैसे के विवाद में ईंट से प्रहार कर हत्या की बात कबूल की, मगर मृतक के बारे में कुछ नहीं बता सका। पुलिस का कहना है कि आरोपित के बयान के आधार पर सच्चाई का पता लगाया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: बहराइच में अतिरिक्त अधिकारियों के साथ RAF भी मुस्तैद, CM योगी ने कहा- उपद्रवियों से सख्ती से निपटें

इसे भी पढ़ें: लखीमपुरी खीरी विधायक थप्पड़ कांड मामले में एक्‍शन, सीएम योगी से मुलाकात के बाद ये चार लोग BJP से निष्कासित

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें