Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UPPCL: संगम नगरी में दो घंटे का शटडाउन और छह घंटे तक गुल रही बिजली, उमस भरी गर्मी में लोग पानी को तरसे

Power Outage in Prayagraj प्रयागराज के रामबाग उपखंड में पेड़ों की डाल छंटाई के चलते बिजली आपूर्ति में व्यवधान उत्पन्न हो गया है। दो घंटे के शटडाउन के बावजूद छह घंटे तक बिजली गुल रहने से लोग परेशान हैं। उमस भरी गर्मी में बच्चों बुजुर्गों और महिलाओं को खासी परेशानी हो रही है। साथ ही पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई है।

By rajendra yadav Edited By: Vivek Shukla Updated: Sun, 08 Sep 2024 11:30 AM (IST)
Hero Image
दो घंटे का शटडाउन लिया जाता है, लेकिन काम छह घंटे तक चलता है। जागरण

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रामबाग उपखंड से जुड़े आजाद नगर साउथ मलाका मुहल्ले के लोग इधर दो दिन से परेशान हैं। रेलवे लाइन के किनारे पेड़ों की डाल छंटाई को लेकर कार्य शुरू किया गया है। बिजली आपूर्ति बंद करने के लिए दो घंटे का शटडाउन लिया जाता है, लेकिन काम छह घंटे तक चलता है।

इस दौरान बिजली आपूर्ति बंद रहती है। उमसभरी गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग व महिलाओं को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, लोगों के सामने पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई है।

आजाद नगर साउथ मलाका मुहल्ले में रेलवे लाइन व नाले के किनारे बड़ी संख्या में पेड़ हैं। इनसे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए इन पेड़ों की डाल की छंटाई गुरुवार से शुरू की गई। पहले दिन दोपहर 12 बजे बिजली आपूर्ति बंद हुई, जो करीब 3:30 बजे चालू हुई।

इसे भी पढ़ें-अब घर बैठे भी ले सकेंगे ईपीएफओ का टोकन, खुल रहे हैं एक्सपीरिएंस सेंटर

शुक्रवार को हरतालिका तीज पर यहां काम नहीं हुआ। शनिवार को एक बार फिर डालों की छंटाई शुरू हुई। बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। एक घंटे बाद उपभोक्ताओं ने रामबाग उपकेंद्र पर फोन किया तो कर्मचारियों ने बताया कि पेड़ों की डाल छंटाई का काम चल रहा है।

दो घंटे का शटडाउन है और इसके बाद आपूर्ति बहाल की जाएगी, लेकिन देखते-देखते शाम के लगभग छह बज गए और फिर आपूर्ति चालू हुई। यानी छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। यही नहीं, यहां अभी डालों की छंटाई का काम कई दिनों तक चलेगा और इस दौरान कितने घंटे बिजली आपूर्ति बंद रहेगी, यह किसी को नहीं पता।

रामबाग उपखंड के अधिकारियों द्वारा कटौती की कोई जानकारी एक दिन पूर्व नहीं दी जा रही है, जबकि सख्त निर्देश है कि कटौती की जानकारी दी जाए। उधर, अशोक नगर में भी पेड़ों की डाल की छंटाई को लेकर शनिवार को दोपहर 12 से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इसकी भी कोई सूचना उपखंड के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को नहीं दी।

इसे भी पढ़ें-तेज बारिश के दौरान धंसा पिलर, फटा प्लास्टर, ऐसा लगा कि भूकंप आ गया

आज से तीन दिन पांच घंटे बंद रहेगी आपूर्ति

बिजली संबंधी कार्य को लेकर आठ से दस सितंबर तक अजंता व मानसरोवर फीडर को पांच घंटे तक बंद किया जाएगा। रामबाग उपखंड के जेई रितेश दिवाकर ने बताया कि सुबह 11 से शाम चार बजे तक फीडर से जुड़े मुहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

एसडीओ विनीत शुक्ल ने बताया कि 33 केवी की नई लाइन को चार्ज करने के लिए आठ सितंबर को सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक रामबाग उपखंड से जुड़े मुहल्लों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।