Move to Jagran APP

UP ByPolls: फूलपुर सीट पर कांटे की टक्कर, सपा-बसपा ने किया उम्मीदवार का एलान; भाजपा के पत्ते खोलने का इंतजार

UP Assembly By Election फूलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा के लिए बड़ी चुनौती है। भाजपा और सपा की इस बार यह अग्निपरीक्षा होगी। वहीं बसपा भी अपनी खोई हुई सियासी जमीन पाने की जुगत में लगी हुई है। कांग्रेस अभी तक अपना प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर इस उपचुनाव को सेमीफाइनल माना जा रहा है।

By rajendra yadav Edited By: Abhishek Pandey Updated: Wed, 16 Oct 2024 09:16 AM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल किया गया ग्राफिक

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में जिन दस विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव होना है, उसमें फूलपुर विधानसभा सीट भी है। यह चर्चित सीटों में शामिल है। यहां पर सबसे पहले बहुजन समाज पार्टी ने अपने प्रत्याशी शिवबरन पासी को मैदान में उतारा, जबकि सप्ताह भर पहले समाजवादी पार्टी ने पूर्व विधायक मुज्तबा सिद्दीकी को उम्मीदवार घोषित किया।

भाजपा ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। प्रत्याशी कौन और कब बनेगा? उस पर हर किसी की नजर टिकी है। वहीं, कांग्रेस में असमंजस की स्थिति है।

लगातार दो बार से फूलपुर सीट पर भाजपा का कब्जा

फूलपुर विधानसभा सीट लगातार दो बार से भाजपा के कब्जे में रही है। भाजपा यहां से तीसरी बार विजयश्री हासिल करना चाहती है, जिसके लिए वह उम्मीदवार के नाम पर मंथन कर रही है। तीन दिन पहले दिल्ली में उम्मीदवारों के नाम पर शीर्ष नेतृत्व ने मंथन किया, लेकिन प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की।

वहीं, समाजवादी पार्टी भाजपा की जीत पर विराम लगाना चाहती है। वह अपनी खोयी हुई सीट पर जीत दर्ज करने को बेताब है। स्थानीय स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक पूरा जोर लगाए हुए हैं। प्रतिदिन रणनीति बनाई जा रही है। बसपा की बात करें तो उसने करीब एक माह पहले ही अपने प्रत्याशी को मैदान में उतार दिया है। वह भी यहां से अपना परचम लहराना चाहती है। कांग्रेस अभी कोई निर्णय नहीं ले सकी है।

सपा और कांग्रेस में गठबंधन है, लेकिन कांग्रेस लगातार यहां से अपने प्रत्याशी को उतारने की बात कह रही थी। इसके लिए पार्टी के बड़े नेताओं ने पिछले दिनों सहसों में कार्यक्रम तक किया था। अब वह अपने प्रत्याशी को मैदान में उतारेगी या फिर गठबंधन की मर्यादा निभाते हुए सपा उम्मीदवार को समर्थन करेगी, यह तो आने वाला समय ही बताएगा। हालांकि, सपा के गंगापार जिलाध्यक्ष अनिल यादव की मानें तो पार्टी उम्मीदवार का ही कांग्रेस समर्थन करेगी।

उपचुनाव को 2027 का माना जा रहा सेमीफाइनल

2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर इस उपचुनाव को सेमीफाइनल माना जा रहा है। ऐसे में फूलपुर विधानसभा सीट का उपचुनाव भाजपा के लिए बड़ी चुनौती से कम नहीं है। लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार प्रवीण पटेल ने फूलपुर संसदीय सीट से बाजी मारी, लेकिन विधानसभावार वह फूलपुर विस क्षेत्र में मतों के मुकाबले पीछे रहे। यहां भाजपा को 89650 और सपा प्रत्याशी को 107510 मत मिले थे। यानी इस सीट से सपा ने 17860 की बढ़त बनाई थी।

2022 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो भाजपा के उम्मीदवार प्रवीण पटेल सपा प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी से 2700 वोट से ही चुनाव जीत सके थे। भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र का कहना है कि फूलपुर हमारी कर्मभूमि है। भाजपा प्रत्याशी हजारों वोट से जीत प्राप्त करेगा। उसको लेकर जमीनी स्तर पर काम किया गया है। प्रत्याशी का चयन जल्द हो जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप मिश्र अंशुमन का कहना है कि पार्टी के चुनाव लड़ेगी अथवा नहीं उसका निर्णय आलाकमान करेगा। हमारा लक्ष्य भाजपा को हराना है।

2007 में बसपा व 2012 में जीती थी सपा

फूलपुर विधानसभा सीट पर वर्ष 2007 में बहुजन समाज पार्टी से प्रवीण पटेल ने जीत दर्ज की थी। 2012 में सपा उम्मीदवार सईद अहमद ने अपना परचम लहराया था। 2017 व 2022 में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पटेल ने लगातार दो बार इस सीट पर जीत दर्ज कर सभी पार्टियों को पीछे छोड़ दिया था।

इसे भी पढ़ें: UP By Election 2024: विधानसभा उपचुनाव को लेकर सपा ने सजाया मैदान, दिग्गजों के हाथों में होगी चुनाव की कमान

इसे भी पढ़ें: Diwali 2024 Date: 31 अक्टूबर या एक नवंबर? काशी के विद्वानों ने बताया कब मनाई जाएगी दीपावली

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।