Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Rampur News : एकतरफा पुलिस कार्रवाई से आहत हुई महिला, SP ऑफिस के बाहर खा लिया जहर

Rampur News in Hindi स्वार पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। महिला ने अपने प्रार्थना पत्र में दूसरे पक्ष पर कार्रवाई की मांग की है। इसकी जांच सीओ स्वार अतुल कुमार पांडेय को भेजी है। सीओ को गांव जांच करने के लिए भेजा है। जांच के बाद दूसरे पक्ष पर कार्रवाई की जाएगी।

By Jagran News Edited By: Mohammed Ammar Updated: Fri, 26 Jul 2024 04:43 PM (IST)
Hero Image
अस्पताल में महिला का उपचार करते डॉक्टर।

जागरण संवाददाता, रामपुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर एक महिला ने जहर खा लिया। महिला की हालत बिगड़ने पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया। महिला का प्रार्थना पत्र पुलिस अधीक्षक ने ले लिया है।

पुड़िया में रखकर लाई थी जहर

पुलिस अधीक्षक रोजाना की तरह अपने कार्यालय में जन समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उनके कार्यालय के बाहर फरियादी खड़े थे। इनमें स्वार कोतवाली क्षेत्र के फाजलपुर गांव की एक नेहा भी थी। महिला ने अचानक पुड़िया निकाली और उसमें रखा कीटनाशक खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने लगी।

वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे संभाला। उसके मुंह में अंगुली डालकर उल्टी कराने का प्रयास किया। एसपी कार्यालय पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एम्बुलेंस बुला ली। महिला को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे उपचार दिया गया।

पति के जेल जाने से परेशान है महिला 

महिला के हाथ में एक प्रार्थना पत्र भी था। उसका कहना था कि उसके पति को स्वार पुलिस ने झगड़े के मामले में जेल भेज दिया है, जबकि दूसरे पक्ष के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। वह पहले भी एसपी कार्यालय आई थी, लेकिन पुलिस वाले उसे मिलने नहीं देते थे और बाहर से ही टहला देते थे। इस मामले में पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र का कहना है कि कार्यालय के बाहर फरियाद लेकर आई एक महिला की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली थी। इस पर तुरंत एम्बुलेंस मंगवाई गई।

दूसरे पक्ष पर कार्रवाई नहीं होने से हैं परेशान 

सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। उसे बेहतर उपचार के लिए मेरठ मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। जानकारी से पता चला है कि 22 जुलाई को फाजलपुर गांव में डीजे बजाने को लेकर महिला के परिवार का दूसरे पक्ष से विवाद हुआ था।

महिला के परिवार के लोगों ने गांव के राजेश के घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला किया था। राजेश की हथेली में चाकू घोंप दिया था, जिसे चिकित्सकों ने निकाला था। इस मामले में घायल राजेश की ओर से महिला के पति बाबू व अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

यह भी पढ़ें : Kanpur News : जुलूस के दौरान लगाए थे आपत्तिजनक नारे, पुलिस ने पहुंचाया जेल