Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

आज़म खान का मज़ाक उड़ा कर बुरे फंसे नए सांसद मोहिबुल्लाह, रामपुर में सपा ने खोल दिया मोर्चा

अब सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने मौलाना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पिछले साल प्रशासन ने सपा का कार्यालय बंद करा दिया था। इसके बाद वीरेंद्र गोयल के आवास में ही कार्यालय चल रहा था जिसमें पार्टी के तमाम नेताओं के फोटो लगे हैं। शुक्रवार को वीरेंद्र गोयल ने अखिलेश यादव का फोटो निकालकर नीचे रख दिया।

By Jagran News Edited By: Mohammed Ammar Updated: Fri, 07 Jun 2024 09:08 PM (IST)
Hero Image
'मौलाना ने उस जमीन पर फसल काटी है, जिसे आजम खां ने खून-पसीने से सींचा है'

जागरण संवाददाता, रामपुर : नवनिर्वाचित सांसद मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी के बयान से आजम समर्थक भड़क गए हैं। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने तो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का फोटो उतार दिया है। इसी भवन में सपा का दफ्तर चलता रहा है।

सांसद ने मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार से भी मुलाकात की है, जिसका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इससे आजम समर्थकों की नाराजगी और बढ़ गई है, क्योंकि मंडलायुक्त से उनका छत्तीस का आंकड़ा रहा है। उनके रामपुर में डीएम रहते ही आजम खां पर कानूनी शिकंजा कसा था।

मोहिब्बुलाह ने कही थी यह बात

चुनाव जीतने के बाद सांसद ने जेल में बंद आजम खां से मिलने के सवाल पर कहा था कि वह सुधार गृह में हैं और उन्हें दुआओं की जरूरत है। हम मजहबी आदमी हैं, दुआ करते हैं। इस बयान से आजम के करीबी नाराज हैं। तीन दिन पहले मुरादाबाद की सांसद रूचि वीरा आजम खां की पत्नी से मुलाकात करने आई थीं। तब उन्होंने मौलाना को अपरिपक्व व्यक्ति बताया था। कहा था कि जाने कैसे टिकट पा गए और कैसे चुनाव जीत गए। आजम खां पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं। आजम खां की पत्नी पूर्व सांसद डा.तजीन फात्मा ने कहा कि मौलाना को जेल जाने का ज्यादा अनुभव है।

सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ने मौलाना के खिलाफ खोला मोर्चा

अब सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने मौलाना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पिछले साल प्रशासन ने सपा का कार्यालय बंद करा दिया था। इसके बाद वीरेंद्र गोयल के आवास में ही कार्यालय चल रहा था, जिसमें पार्टी के तमाम नेताओं के फोटो लगे हैं। शुक्रवार को वीरेंद्र गोयल ने अखिलेश यादव का फोटो निकालकर नीचे रख दिया। बोले, आजम खां के खिलाफ कोई बड़ी साजिश है। उन्हें अपमानित किया जा रहा है और राष्ट्रीय अध्यक्ष कुछ नहीं कर रहे हैं। आजम खां के खिलाफ जो बयानबाजी की गई है। इस बारे में मौलाना से स्पष्टीकरण लेना चाहिए।

पूरे चुनाव में वह आजम खां का फोटो लगाकर प्रचार करते रहे और अब आजम खां के विरोधियों के इशारे पर चल रहे हैं। उनका कहना है कि यह उनकी अपनी राय है और अब उनके इस भवन में सपा का दफ्तर भी नहीं है। सपा नेता आसिम खां का कहना है कि मौलाना ने आजम खां के बारे में जो तंज किया है, वह निंदनीय है।

मौलाना ने उस जमीन पर फसल काटी है, जिसे आजम खां ने खून-पसीने से सींचा है। इस जमीन को अपनी जिंदगी के 50 साल दिए हैं। मौलाना अपने शब्द वापस लें और आजम खां से माफी मांगें। याद रहे सपा मुखिया अखिलेश यादव भी आजम खां का बहुत सम्मान करते हैं और मुलायम सिंह भी सम्मान करते थे। दूसरी ओर अखिल भारतीय मुस्लिम महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरहत खां ने कहा कि मौलाना के बारे में भी उन्हें बहुत कुछ पता लगा है। जल्द ही उन्हें भी सुधार गृह जाना पड़ेगा।