Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सपा उम्मीदवार Asim Raja ने रामपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कराया नामांकन, आजम खां भी साथ में रहे

Rampur Bypoll 2022 रामपुर शहर विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए सपा के आसिम राजा ने गुरुवार को अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। नमांकन पर्चा जमा करने के लिए रामपुर कलक्ट्रेट जाते समय उनके साथ सपा नेता आजम खां भी मौजूद रहे।

By Jagran NewsEdited By: Samanvay PandeyUpdated: Thu, 17 Nov 2022 02:57 PM (IST)
Hero Image
Rampur Bypoll 2022 : नामांकन कराने के जाते सपा उम्मीदवार आसिम राजा। जागरण

जागरण संवाददाता, रामपुर। Rampur Bypoll 2022 : रामपुर शहर विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए सपा के आसिम राजा ने गुरुवार को अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। नमांकन पर्चा जमा करने के लिए रामपुर कलक्ट्रेट जाते समय उनके साथ सपा नेता आजम खां, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल व नगर पालिका अध्यक्ष फातिमा जबी व नासिर सुल्तान एडवोकेट मौजूद रहे। पालिकाध्यक्ष फातिमा जबी और पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल उनके प्रस्तावक रहे।

भाजपा के आकाश सक्सेना ने भी कराया नामांकन

इससे पहले सुबह करीब 11 बजे भाजपा उम्मीदवार आकाश सक्सेना ने नामांकन दाखिल किया था। रामपुर शहर विधानसभा सीट के उपचुनाव का मतदान पांच दिसंबर को है। चुनाव मैदान में सपा और भाजपा ही मुख्य लड़ाई में हैं। क्योंकि कांग्रेस पहले ही उपचुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर चुकी है और बसपा की अभी स्थिति साफ नहीं है।

अभी तक सिर्फ सपा-भाजपा ने कराया नामांकन

शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। अभी तक सिर्फ दो लोगों ने ही नामांकन कराया है। इनमें सपा के आसिम राजा और भाजपा से आकाश सक्सेना शामिल हैं। बाकी कई निर्दलीय ने नामांकन का पर्चा खरीदा था लेकिन, जमा करने अभी तक कोई नहीं आया। उम्मीद है कि अंतिम दिन कुछ और लोग नामांकन कराएंगे।

आजम खां के बेहद करीबी हैं आसिम राजा

सपा उम्मीदवार आसिम राजा वरिष्ठ नेता आजम खां के बेहद करीबी हैं। उन्होंने ही आसिम राजा के नाम की घोषणा उपचुनाव के लिए की थी। यही नहीं लोकसभा उपचुनाव में भी सपा ने आसिम राजा को ही टिकट दिया था। तब भी उनकी पैरवी आजम खां ने की थी। हालांकि लोकसभा उपचुनाव में आसिम राजा को हार का सामना करना पड़ा था।

आजम खां की विधायकी रद होने से खाली हुई सीट

सपा नेता आजम खां को भड़काऊ भाषण मामले में रामपुर की एमपीएमएलए कोर्ट ने तीन साल कैद की सजा सुनाई है। इस मामले में सजा होने के बाद आजम जमानत पर बाहर हैं। सजा होने के चलते ही चुनाव आयोग ने आजम खां की विधायकी रद कर दी थी, जिसके बाद उपचुनाव की घोषणा हुई थी।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर