Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Sambhal News : कमरे में सो रहे पत्नी और दो बेटों को मारने का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

पीड़ित महिला ने बताया कि अगर समय रहते बाहर नहीं निकाला गया होता तो शायद जान जा सकती थी। पीड़ित महिला थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर आरोपित पति विजय कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। वहीं पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

By Jagran NewsEdited By: Mohammed Ammar Updated: Fri, 26 Jul 2024 01:57 AM (IST)
Hero Image
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

संसू, जागरण, गुन्नौर। कोतवाली क्षेत्र के बबराला में युवक ने चारपाई पर सो रहे अपनी पत्नी व दो बच्चों को आग लगाकर मारने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे अन्य स्वजन ने कमरे का दरवाजा खोला और तीनों को बाहर निकाला। तीनों लोग सुरक्षित हैं। पीड़ित महिला थाने पहुंची और पति के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस ने आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

बबराला निवासी राजवीर ने बताया कि उन्हाेंने अपनी बेटी मीनू यादव की शादी वर्ष 2014 में बबराला स्थित रेलवे स्टेशन रोड निवासी एक युवक के साथ की थी। बेटी के दो बच्चे भी हैं। बताया कि उसके पति का प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी बात को लेकर अक्सर वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता है।

साथ ही जान से मारने की धमकी देता है। बताया कि 21 जुलाई को अपने बेटे जय यादव को भी जान से मारने के इरादे से उसके साथ मारपीट की थी। इसमें वह हताश हो गया था और गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसको बचाने आई उसकी मां के साथ मारपीट की।

महिला ने पति से जब बेटे का इलाज कराने की बात कही तो वह आक्रोशित हो गया और मारपीट शुरू की दी। 23 जुलाई को रात करीब साढ़े ग्यारह बजे के करीब बजे वह अपने दोनों बच्चों के साथ कमरे में सो रही थी। इसी दौरान पति आ गया और जान से मारने की नीयत से चारपाई के चारों ओर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी और कमरे का दरवाजा बंद कर चला गया।

चारपाई पर सो रहे मां बेटों की आंख खुल गई। उनमें चीख पुकार मच गई। चीखपुकार की आवाज सुनकर ससुर और महिला का भाई निखिल भी माैके पर आ गए। आनन-फानन में तीनों मां बेटे को दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।