Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

देश को दुनिया की बड़ी ताकत बनाने का माध्यम है विकसित भारत यात्रा : CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को संतकबीर नगर के बघौली ब्लाक के ग्राम पंचायत करौंदा में विकसित भारत संकल्प यात्रा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आवास बैंक सखी आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के साढ़े नौ वर्ष के कार्यकाल में एक नए भारत का दर्शन हुआ है। वैश्विक मंच पर भारत को सम्मान मिला है।

By Raj Narayan Mishra Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Thu, 21 Dec 2023 06:11 PM (IST)
Hero Image
कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। फोटो सूचना विभाग

जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री मोदी की भारत को 2047 तक दुनिया की बड़ी ताकत के रूप में स्थापित करने का महा अभियान है। यह यात्रा देशवासियों को आपस में जोड़ने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। संकल्प यात्रा देश के अंदर प्रत्येक ग्राम पंचायत में पहुंच रही है। कार्यक्रम में लाभार्थी अपनी सफलता की कहानी अपनी जुबानी लोगों के सामने कह रहे हैं। जिन्हें अभी तक योजनाओं का लाभ नहीं मिला है वह फार्म भरकर अपनी दावेदारी भी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को संतकबीर नगर के बघौली ब्लाक के ग्राम पंचायत करौंदा में विकसित भारत संकल्प यात्रा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आवास, बैंक सखी, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के साढ़े नौ वर्ष के कार्यकाल में एक नए भारत का दर्शन हुआ है। वैश्विक मंच पर भारत को सम्मान मिला है। राष्ट्रीय सुरक्षा की आज गारंटी है। देश में वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर, हाईवे, रेल, मेट्रो व एक्सप्रेस-वे का निर्माण निरंतर हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आजादी के अग्रदूत भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर पर इस यात्रा को प्रारंभ किया था। यह यात्रा 26 जनवरी तक पूरे देश के अंदर चलेगी।

बखिरा बर्तन उद्योग पर कहा कि एक जनपद एक उत्पाद के साथ पीएम विश्वकर्मा योजना से भी इसे जोड़ा जाएगा और बर्तन कारीगरों तथा हस्तशिल्पियों को आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से सवाल भी पूछे और कई लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी सौंपा। इस दौरान जनपद की प्रभारी मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद प्रवीण निषाद ने भी अपनी बातें रखीं।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर