Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Sant Kabir Nagar News: सुभासपा की महिला नेत्री की हत्या के बाद ग्रामीणों ने लगाया जाम, देर रात तक मनुहार करते रहे अधिकारी

संत कबीर नगर में नंदिनी राजभर की हत्या के सूचना पर रात करीब साढ़े आठ बजे सांसद प्रवीण निषाद भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मृतक के स्वजन और आक्रोशित लोगों को समझाने के साथ न्याय दिलाने का विश्वास दिलाया। उन्होंने दोनों घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच कराने का आश्वासन भी दिया। ग्रामीण कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे।

By Raj Narayan Mishra Edited By: Vivek Shukla Updated: Mon, 11 Mar 2024 09:48 AM (IST)
Hero Image
संतकबीरनगर में आक्रोशित ग्रामीणों को समझाते अधिकारी। जागरण

जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। सुभासपा की महिला नेत्री नंदिनी राजभर की हत्या को भूमि विवाद का परिणाम बताते हुए लोग आक्रोशित थे। मौके पर जमा भीड़ और हंगामा को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था।

पुलिस जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाने के क्रम में शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो सभी ने मना कर दिया। मृतक के पति समेत सभी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने के बाद शव को ले जाने की बात पर अड़ गए।

देर रात तक सांसद समेत अधिकारी मनुहार करते रहे परंतु लोग नहीं माने। गांव में महिलाएं लाठी-डंडे लेकर शव जाने से रोकने में लगी थीं। इस घटना ने जनपद में सनसनी फैला दी है।

नंदिनी के पति अच्छेलाल ने आरोप लगाया कि उनके परिवार में भूमि विवाद को लेकर मनबढ़ों ने दो लोगों की हत्या कर दी। उनके चाचा की हत्या के मामले में यदि कठोर कार्रवाई हुई होती तो दुबारा फिर इस प्रकार की घटना सामने नहीं आती।

लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए शव को ले जाने देने से मना कर दिया। अच्छेलाल का कहना है कि उनके चाचा बालकिशुन की फरवरी माह में हत्या करके शव को रेल ट्रैक पर फेंक दिया गया था। उस हत्या काे कोतवाली पुलिस द्वारा भी आत्महत्या साबित करने का प्रयास किया गया था।

मामले में आरोपित दो में से एक को तो पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था, परंतु दूसरा बाहर था। इसी मामले को लेकर उनकी पत्नी लगातार अधिकारियों से संपर्क कर रही थी। कार्रवाई का दबाव बनाने के कारण ही तिलमिलाए दबंगों ने उनकी हत्या कर दी।

देर रात तक डीघा गांव पुलिस छावनी बना रहा। कोतवाली समेत मेंहदावल, बखिरा, दुधारा, महुली समेत सभी थानों की पुलिस मौके पर डटी रही। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर व पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता द्वारा कठोर कार्रवाई का आश्वासन देने के साथ ही लोगों को शांत करने का प्रयास किया गया परंतु लोग मानने को तैयार नहीं थे। रात नौ बजे तक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने में जुटे थे, लेकिन लोग शव ले जाने से मना कर रहे थे।

सांसद ने दिया न्याय दिलाने का भरोसा

नंदिनी राजभर की हत्या के सूचना पर रात करीब साढ़े आठ बजे सांसद प्रवीण निषाद भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मृतक के स्वजन और आक्रोशित लोगों को समझाने के साथ न्याय दिलाने का विश्वास दिलाया। उन्होंने दोनों घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच कराने का आश्वासन भी दिया। ग्रामीण कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर