Move to Jagran APP

संतकबीरनगर: प्रवीण दोबारा खिलाएंगे 'कमल' या पप्पू दौड़ाएंगे 'साइकिल'? परिणाम की घड़ी नजदीक आने के साथ ही कयासबाजी भी हुई तेज

संतकबीर नगर संसदीय क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मंगलवार को हो जाएगा। भाजपा के प्रवीण निषाद इस सीट पर दोबारा कमल खिलाएंगे या फिर आइएनडीआइए के सपा प्रत्याशी लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू साइकिल दौड़ाएंगे। बहरहाल प्रत्याशी व उनके समर्थक विजयी होने के लिए ईश्वर से कामना कर रहे हैं। जीत व हार पर सभी की निगाहें टिकी है।

By Jagran News Edited By: Riya Pandey Updated: Mon, 03 Jun 2024 08:18 PM (IST)
Hero Image
चुनाव परिणाम की घड़ी नजदीक आने के साथ ही कयासबाजी भी हुई तेज

जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। संतकबीर नगर संसदीय क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मंगलवार को हो जाएगा। शहर और देहात में किसके पक्ष में कैसा परिणाम आएगा, इसको लेकर कयासबाजी और तेज हो गयी है।

भाजपा के प्रवीण निषाद इस सीट पर दोबारा कमल खिलाएंगे या फिर आइएनडीआइए के सपा प्रत्याशी लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू साइकिल दौड़ाएंगे। बहरहाल प्रत्याशी व उनके समर्थक विजयी होने के लिए ईश्वर से कामना कर रहे हैं। जीत व हार पर सभी की निगाहें टिकी है।

दोबारा चुनावी मैदान में उतरे प्रवीण निषाद

भाजपा के प्रवीण निषाद पहली बार वर्ष 2019 में संतकबीर नगर संसदीय क्षेत्र में बसपा के भीष्मशंकर तिवारी उर्फ कुशल को हराकर सांसद बने थे। इस बार भी ये चुनाव मैदान में उतरे। इसलिए पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता व उनके समर्थक सहित अन्य लोगों की निगाहें इन पर टिकी हुई हैं। ये चुनाव जीतकर दोबारा सांसद बन पाएंगे या नहीं ? इसकी चर्चा तेज है।

जबकि दूसरी तरफ मेंहदावल से विधायक रहे व आइएनडीआइए के सपा प्रत्याशी लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू पहली बार लोकसभा चुनाव में उतरे हैं।

क्या ये गठबंधन का लाभ उठाकर सांसद बन पाएंगे या नहीं, साइकिल दौड़ा पाएंगे या नहीं, इसकी भी चर्चा तेज है। मंगलवार को होने वाली मतगणना को लेकर आम जनमानस भी संवेदनशील हो गया है। सभी को मतगणना परिणाम का इंतजार है।

संतकबीर नगर संसदीय क्षेत्र में ये हैं 11 प्रत्याशी

भाजपा प्रत्याशी व निवर्तमान सांसद प्रवीण निषाद, आइएनडीआइए के सपा प्रत्याशी लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू, बसपा प्रत्याशी नदीम अशरफ, सर्वजन आवाज पार्टी के प्रत्याशी राजेंद्र यादव उर्फ कर्नल साहब, नकी भारतीय एकता पार्टी के प्रत्याशी सुभाष चंद्र दूबे, प्रगतिशील समाज पार्टी के प्रत्याशी धीरज श्रीवास्तव, सरदार पटेल सिद्धांत पार्टी के प्रत्याशी कुलदीप, निर्दल प्रत्याशी आनंद कुमार गौतम, मित्रसेन, रामकृष्ण द्विवेदी व सत्यवंत प्रताप सिंह चुनाव मैदान में है।

मंगलवार को चक्रवार मतगणना समाप्त होने के बाद परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी। इनके किस्मत का फैसला इस दिन हो जाएगा। इस पर न केवल विभिन्न राजनीतिक दल, उनके प्रत्याशी व अभिकर्ता अपितु आम जनमानस की निगाहें टिकी हैं।

किस विधानसभा में कितने पड़े हैं वोट

विधानसभा  पुरुष  महिला  तृतीय लिंग  कुल वोटर  मत पड़े थे (प्रतिशत)
आलापुर(एससी) 183671  169599  00  3,53,270 58.60
मेंहदावल  248874  217962  26  4,66,862 51.52
खलीलाबाद  249549  218142  01 4,67,692  52.09
धनघटा(एससी) 210944  183844  02 3,94,790  53.72
खजनी (एससी) 210281  179056  15 3,89,352  48.14
योग 11,03,319 9,68,603  44 20,71,966 52.64

डीएम महेंद्र सिंह तंवर के अनुसार, सुव्यवस्थित ढंग से मतों की गिनती के बाद चक्रवार परिणाम घोषित किए जाते रहेंगे। तेज धूप व गर्मी को देखते हुए मतगणना कक्ष में कूलर, पीने के लिए साफ पानी सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा दी गयी हैं। किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आएगी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।