Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

चमचमाते किचन में भोजन पकाएंगी स्कूल की रसोइया

श्रावस्ती परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए लकड़ी के चूल्हे पर धुंए व गंदगी के बीच भोजन पकाने से रसोइयों को अब राहत मिलेगी। सीडीओ की पहल पर पंचायतीराज विभाग ने एक माह में 575 स्कूलों के किचन का कायाकल्प कर दिया है।

By JagranEdited By: Updated: Mon, 11 Jan 2021 11:27 PM (IST)
Hero Image
चमचमाते किचन में भोजन पकाएंगी स्कूल की रसोइया

भूपेंद्र पांडेय, श्रावस्ती : परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए लकड़ी के चूल्हे पर धुंए व गंदगी के बीच भोजन पकाने से रसोइयों को अब राहत मिलेगी। सीडीओ की पहल पर पंचायतीराज विभाग ने एक माह में 575 स्कूलों के किचन का कायाकल्प कर दिया है। चमचमाता फर्श व किचन तक पाइप लाइन से वॉटर सप्लाई की व्यवस्था की गई है। स्कूल खुलने पर अब रसोइया चमचमाते किचन में बच्चों के लिए भोजन पकाएंगी।

कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच लगभग नौ माह से परिषदीय स्कूलों में पठन-पाठन बंद है। इस दौरान शासन के निर्देश पर स्कूल भवन को सजाया संवारा जा रहा है। दीवारों पर बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक पेंटिग की जा रही है। इस कार्यक्रम में किसी का ध्यान नौनिहालों का मध्यान्ह भोजन पकाने के लिए बने किचन की ओर नहीं था। भोजन कक्ष की स्थिति दयनीय होने से रसोइया परिसर में अन्यत्र स्थान पर लकड़ी का प्रयोग कर चूल्हे पर भोजन पकाती थीं। इससे रासोइयों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था। भोजन की गुणवत्ता भी प्रभावित होती थी। इससे बच्चों का साफ-सुथरा परिसर व स्वच्छ वातावरण में भोजन नहीं मिल पाता था। ऐसे में किचन के कायाकल्प के लिए सीडीओ ईशान प्रताप सिंह की पहल पर मिशन अन्नपूर्णा नाम से अभियान की शुरुआत की गई। इसके तहत परिषदीय स्कूलों के भोजन कक्ष को सजाने संवारने का काम शुरू हुआ। लगभग एक माह में यह अभियान 575 स्कूलों तक पहुंचा। ग्राम पंचायत के वित्त आयोग की राशि से किचन में फ्लोर टायल, वॉल टायल लगाई गई। पानी की सप्लाई दुरुस्त की गई। सिंक और बेसिन लगाया गया। इनसेट

किचन गार्डेन बनाने की तैयारी

डीपीआरओ किरन ने बताया कि दूसरे चरण में स्कूलों के भोजन कक्ष के आसपास किचन गार्डेन, पोषण वाटिका व फुलवारी बनाने की तैयारी है। विद्यालय पार्क भी बनाया जाएगा। स्कूल परिसर सुंदर दिखे व हरा भरा रहे तथा बच्चों को परिसर में घूमते-टहलते समय भी कुछ सीखने को मिले, इसके सारी व्यवस्था की जाएगी। एक माह में 576 किचन का कायाकल्प किया गया है। इस कार्य में ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारियों ने भी भरपूर सहयोग दिया। एक किचेन के कायाकल्प पर 40 हजार से 50 हजार रुपये तक खर्च हुए हैं। इससे स्कूल भवन के साथ भोजन कक्ष भी सुंदर दिख रहा है। अब बच्चों का स्वच्छ परिसर व स्वादिष्ट भोजन मिलेगा।

किरन, जिला पंचायतराज अधिकारी, श्रावस्ती।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर