Move to Jagran APP

UP News: सिद्धार्थनगर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान अलग-अलग जगहों पर हुए हादसे, दो की मौत

उत्‍तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग हृदय विदारक हादसों ने माहौल को गमगीन कर दिया। एक 12 वर्षीय किशोरी की पोखरे में डूबने से मौत हो गई जबकि एक बाइक सवार युवक की ट्रैक्टर ट्राली से टक्कर में जान चली गई। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Updated: Sun, 13 Oct 2024 07:43 AM (IST)
Hero Image
प्रतिमा विसर्जन के दौरान पोखरे में डूबने व सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई।-जागरण

 जागरण संवाददाता, बांसी। खेसरहा थाना क्षेत्र के महुआ गांव निवासी 12 वर्षीय किशोरी की पोखरे में डूबने से मृत्यु हो गई है। वह प्रतिमा विसर्जन देखने गए थी। घटना शनिवार शाम छह बजे की है।

महुआ गांव निवासी सुरेंद्र की 12 वर्षीय पुत्री आंचल गांव के लोगों के साथ बगल के गांव सवाडाड़ स्थित पोखरे में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन देखने के लिए गई थीं। किनारे पर वह खड़ी थी कि अचानक पैर फिसला और वह पोखरे में गिर गई। पानी ज्यादा होने से वह पोखरे में डूब गई। साथ के लोगों ने तत्काल पोखरे में छलांग लगा कर उसे पानी से बाहर निकाला।

वह उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्वजन शव लेकर घर चले आये। मृतका के बाबा जुगुन ने पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया। मृतका छह भाई बहनों में दूसरे नंबर की थी।

इसे भी पढ़ें-यूपी में अगले सप्ताह फिर उमड़-घुमड़ कर आ सकते बादल, हो सकती है झमाझम बारिश

मृतका के पिता दिल्ली रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। घटना के बाद से स्वजन का रो- रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष खेसरहा चंदन कुमार ने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर गया था। मृतका के स्वजन कोई कार्रवाई नहीं चाहते। पंचनामा भरकर शव को स्वजन को सौंप दिया गया है।

बाइकसवार की हादसे में मौत

शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बानगंगा बैराज पर प्रतिमा विसर्जित कर लौटे युवक की बाइक नेशनल हाईवे की टोल प्लाजा के पास ट्राली से टकरा गई। इससे बाइक सवार युवक की मृत्यु हो गई। मृतक का नाम राजेंद्र गुप्ता पुत्र कमलापति है। वह शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के गोल्हौरा के रहने वाले थे।

गनेशपुर बानगंगा चौराहे के आसपास की प्रतिमाएं बानगंगा बैराज पर विजर्जित की जाती हैं। गोल्हौरा में बनी प्रतिमा भी शाम को गाजेबाजे के साथ बानगंगा बैराज पर विसर्जित होने के लिए जाने लगीं। गांव के तमाम युवक पैदल व बाइक से विसर्जन यात्रा में शामिल हुए। रात को प्रतिमा विसर्जित होने के बाद लोग घर वापस आने लगे।

इसे भी पढ़ें-विजयादशमी पर गोरखपुर में राघव-शक्ति मिलन, मां दुर्गा ने की भगवान राम की प्रदक्षिणा

राजेंद्र भी अपनी बाइक से गोल्हौरा के लिए चल दिये। गोल्हौरा के पास बने टोल प्लाजा के पहले ब्रेकर पर उनकी बाइक प्रतिमा विसर्जित कर वापस लौट रही ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से जा घुसी। मौके पर ही राजेंद्र की मृत्यु हो गई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें