Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सर्वर की धीमी रफ्तार से आरक्षण सेवा पर लग रहा ब्रेक

सुलतानपुर : स्थानीय रेलवे स्टेशन की पैसेंजर रिजर्वेशन सेवा इन दिनों बदहाल है। इंटरनेट सर्वर की धीमी

By JagranEdited By: Updated: Tue, 14 May 2019 10:18 PM (IST)
Hero Image
सर्वर की धीमी रफ्तार से आरक्षण सेवा पर लग रहा ब्रेक

सुलतानपुर : स्थानीय रेलवे स्टेशन की पैसेंजर रिजर्वेशन सेवा इन दिनों बदहाल है। इंटरनेट सर्वर की धीमी रफ्तार के चलते आरक्षित टिकट बनाने का काम सुचारु रूप से नहीं हो पा रहा है। इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है। जिले के दूरदराज इलाकों से सुबह सबेरे ही आरक्षण केंद्र पर पहुंचने वाले लोगों को तत्काल टिकट भी नहीं मिल पाता है। घंटों कतार में खड़े रहने के बाद उन्हें निराश लौटना पड़ता है। एक रिपोर्ट..

12 घंटे में बमुश्किल आठ घंटे कनेक्टिविटी

गत दस दिनों से आरक्षण सेवा प्रभावित है। 12 घंटे में बमुश्किल आठ घंटे ही इंटरनेट कनेक्टिविटी रहती है। जब सुबह आठ बजे केंद्र खुलता है तो सर्वर की रफ्तार ठीक-ठाक रहती है। सुबह 10 बजे तक स्पीड बेहद धीमी हो जाती है। जिससे तत्काल टिकट नहीं बन पाता है। मंगलवार को दोपहर 1:25 बजे सर्वर एकदम से बैठ गया। जिससे रिजर्वेशन सर्विस ठप हो गई। केंद्र प्रभारी राजेश कुमार ने इसकी सूचना मानीटरिग सेल लखनऊ, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक अभिनव श्रीवास्तव व सिग्नल एंव दूरसंचार विभाग को दी। आधे घंटे बाद तकनीकी खामी दूर की जा सकी। अपराह्न लगभग दो बजे आरक्षण सेवा बहाल हुई। स्टेशन अधीक्षक एलएल मीना का कहना है कि जिस कक्ष में मेन सर्वर लगा है, वहां एसी की व्यवस्था नहीं है। लिहाजा तापमान बढ़ने पर उपकरण फेल हो जाते हैं। इस समस्या को लेकर मंडल कार्यालय के अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।

चार घंटे तक लाइन में खड़े रहे यात्री

दिल्ली, मुंबई व अन्य महानगरों को जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में इन दिनों रिजर्वेशन की अधिक मांग है। सुबह से ही आरक्षण केंद्र पर टिकट बनवाने वालों की कतारें लग रही हैं। कुड़वार के धराएं गांव निवासी बुजुर्ग इरशाद ने बताया कि वह सुबह 11 बजे से ही लाइन में लगे थे, पर जब नंबर आया तो सर्वर बैठ गया। कूरेभार ब्लाक के जमोली निवासी विनय, पटना विझूरी के चंदन व दूबेपुर ब्लाक के लोहरामऊ निवासी मोहित पांडेय भी सुबह 10 बजे ही आरक्षण केंद्र पर आ गए थे। दोपहर दो बजे तक इनका टिकट नहीं बन सका था।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप