Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सोनू-मोनू का किला ढहा… अंगूठा टेक पार्वती बनी धनपतगंज की ब्लॉक प्रमुख, किसने निभाई किंग मेकर की भूमिका?

सुलतानपुर जिले में धनपतगंज में ब्लॉक प्रमुख के उप चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार पार्वती को जीत मिली है। इससे यहां के बाहुबली भाइयों सोनू-मोनू को तगड़ा झटका लगा है। बाहुबली भद्र भाइयों ने यहां पर अपनी मां को प्रत्याशी बनाया था। बता दें कि 2021 में निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुने गए यशभद्र सिंह मोनू को आपराधिक मामले में सजा होने के बाद सीट रिक्त हुई थी।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Fri, 23 Aug 2024 06:26 PM (IST)
Hero Image
प्रधानी की हार से विचलित नहीं हुईं पार्वती, बनीं प्रमुख।

ज्ञान पांडेय, धनपतगंज/सुलतानपुर। प्रधानी के चुनाव में मिली हार से शुरू हुआ राजनीतिक सफर क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर मिली जीत पर रुका। अब ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी मिल गई। 

यह भाग्य का ही खेल है कि अंगूठा टेक पार्वती 66 ग्राम पंचायतों में विकास का रथ चलाएंगी। किंग मेकर की भूमिका भाजपा विधायक विनोद सिंह ने निभाई, जिसके चलते पहली बार इस सीट पर भाजपा को जीत मिली।

मुफलिसी और दुश्वारियों भरा रहा

ब्लॉक के पिपरीसाईंनाथपुर के भौंसा गांव निवासी अनुसूचित जाति की पार्वती देवी का जीवन भले ही मुफलिसी और दुश्वारियों भरा रहा हो, पर उनके सपनों की उड़ान जारी रही। इसकी शुरुआत उन्होंने वर्ष 2015 में ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव लड़कर की। 

रसूखदारों के रोकने के बावजूद सामान्य सीट पर पर्चा दाखिल कर पूरी निर्भीकता से वह चुनाव मैदान में डटी रहीं। हालांकि, पहले प्रयास में कामयाब तो नहीं हुई, लेकिन उनकी हिम्मत और दिलेरी ने सभी को प्रभावित किया।

प्राइमरी स्कूल में की रसोइया की नौकरी

पति राम प्रताप के गुजरने के बाद पार्वती के जीवन की दिशा विपरीत हो गई। परिवार में आर्थिक तंगी का दौर शुरू हुआ और वह गांव के प्राइमरी स्कूल में रसोइया की नौकरी करने लगीं। 

इसके बाद भी वह गांव के सामाजिक कार्यों और राजनीतिक बैठकों में पहुंचतीं और बेबाकी से अपना पक्ष रखतीं। सामाजिक सरोकार में लगीं पार्वती 2021 में क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतरीं। इसमें उन्हें कामयाबी भी मिली।

लहराया जीत का परचम

जैसे ही धनपतगंज में ब्लॉक प्रमुख के उप चुनाव की घोषणा हुई, भाजपा विधायक विनोद सिंह की पारखी नजरों ने पार्वती को खोज लिया। पार्टी ने समर्थन के साथ प्रत्याशी घोषित कर बाहुबली भद्र बंधुओं (सोनू-मोनू सिंह) के सामने तगड़ी चुनौती पेश कर दी। 

विधायक खुद भी जीत के लिए लग गए। आखिरकार गुरुवार को हुए चुनाव में तीन वोट के अंतर से जीत मिली। इसके साथ ही पार्वती देवी कामयाबी का परचम लहराते हुए पहुंच ब्लॉक प्रमुख बन गईं।

मालूम हो कि वर्ष 2021 में प्रमुख पद के चुनाव में यशभद्र सिंह मोनू निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुने गए थे। लगभग तीन वर्ष पांच माह का कार्यकाल बीतने के बाद एक आपराधिक मामले में सजा होने से उन्हें अयोग्य घोषित कर सीट को रिक्त मान लिया गया। इसके बाद हुए उपचुनाव में उन्होंने अपनी मां ऊषा सिंह को चुनाव मैदान में उतारा। सपा ने समर्थन भी दिया, लेकिन शिकस्त का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें: UP News : स्कूल के बराबर में ही बिक रही शराब, शराबी घुस आते हैं अंदर- प्रधानाचार्य ने सीएम योगी को लिखा पत्र

यह भी पढ़ें: विदेशी दुल्हन ले आया यूपी का छोरा, एक नजर में हुआ था प्यार… घरवाले बोले- बेटा बचपन से ही होनहार

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर