राजभवन का घेराव करने जा रहे भाकियू कार्यकर्ता फैजाबाद में गिरफ्तार
किसान आंदोलनों के समर्थन में भाकियू कार्यकर्ता शनिवार को लखनऊ राजभवन के घेराव आंदोलन में शामिल होने के लिए शुक्रवार की शाम देवरिया से निकले। 50 से 60 की संख्या में राजभवन घेराव के लिए जा रहे कार्यकर्ताओं की जानकारी पुलिस को हुई।
गोरखपुर, जेएनएन। किसान आंदोलन के समर्थन में राजभवन का घेराव करने जा रहे देवरिया के भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता देवरिया पुलिस को चकमा देकर शहर से निकल गए। बाद में जानकारी होने पर कार्यकर्ताओं को पुलिस ने फैजाबाद में रौनाही टोल प्लाजा के समीप से शनिवार की भोर में तीन बजे गिरफ्तार कर लिया गया। देवरिया पुलिस भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं को देवरिया पुलिस लाइन लेकर पहुंच गई है।
शुक्रवार की शाम देवरिया से निकले से कार्यकर्ता
कृषि कानून के विरोध में व किसान आंदोलनों के समर्थन में भाकियू कार्यकर्ता शनिवार को लखनऊ राजभवन के घेराव आंदोलन में शामिल होने के लिए शुक्रवार की शाम देवरिया से निकले। 50 से 60 की संख्या में राजभवन घेराव के लिए जा रहे कार्यकर्ताओं की जानकारी पुलिस को हुई। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर श्रीपति मिश्र ने जिलाध्यक्ष राघवेंद्र शाही से बात की। जिससे पता चला कि सभी लोग फैजाबाद तक पहुंच गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने इसकी सूचना फैजाबाद पुलिस को दी और सभी कार्यकर्ताओं को टोल प्लाजा पर फैजाबाद में ही रोक लिया गया। भोर में ही देवरिया से दो प्राइवेट वाहन लेकर पुलिस वहां पहुंची और सभी को हिरासत में लेकर देवरिया के लिए चल दी। गिरफ्तार होने वाले कार्यकर्ताओं में राणा प्रताप सिंह, देवनाथ यादव, कृष्णकांत सिंह, चंद्रभान, सुरेंद्र चौहान, चंद्रदेव सिंह, विनोद गुप्ता, सदानंद यादव, छेदी यादव, बिहागड़, रमेश यादव, संजय सिंह बड़े सिंह आदि शामिल हैं।
पुलिस लाइन में धरने पर बैठे भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ता
भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं को देवरिया पुलिस लाइन में बैठाया गया है कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारेबाजी कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन के मंडल स्तरीय नेता विनय सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। किसानों के पक्ष में यह आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस से हम लोग डरने वाले नहीं हैं।