Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Unnao News: जमानत पर छूटे आरोपी ने दुष्कर्म पीड़िता और उसके परिवार पर दागी गोलियां, पकड़े जाने के डर से की आत्‍महत्‍या

उन्नाव में एक युवक ने दुष्कर्म पीड़िता और उसके पर‍िवार पर फायर‍िंग कर दी। हमले में दुष्कर्म पीड़िता की मां की मौके पर ही मौत हो गई जबक‍ि अन्‍य घायल हैं। युवक दो महीने पहले ही जमानत पर जेल से छूटा था। हमले के बाद भागने की कोशिश में युवक छत से कूदा तो उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। पकड़े जाने से पहले ही गोली मारकर जान दे दी।

By Jagran News Edited By: Vinay Saxena Updated: Mon, 08 Jul 2024 09:10 AM (IST)
Hero Image
युवक ने दुष्कर्म पीड़िता और उसके परिवार पर की फायर‍िंग।- सांकेति‍क तस्‍वीर

जागरण संवाददाता, उन्नाव। यूपी के उन्नाव ज‍ि‍ले में जेल से जमानत में छूटे युवक ने दुष्कर्म पीड़िता, उसकी मां, पिता व दो बहनों को गोली मार दी। मां की मौके पर मौत हो गई, एक बहन को छोड़ अन्य को कानपुर एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया। भागने की कोशिश में छत से कूदे आरोपी के पैर में फ्रैक्चर हो गया। पकड़े जाने से पहले उसने घटनास्थल से 100 मीटर दूरी पर खुद को भी गोली मार ली। मौके पर ही उसकी भी मौत हो गई।

फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के शाहपुर खुर्द गांव के मजरा गुड़ियनखेड़ा निवासी अनुराग व पुनीत पर एक गांव की ही 17 वर्षीय किशोरी ने वर्ष 2023 में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने अनुराग व पुनीत को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। दो माह पहले दोनों आरोपित जमानत पर छूटकर जेल से बाहर आए। अनुराग दुष्कर्म पीड़िता व उसके परिवार से बदला लेने की फिराक में लग गया।

सोमवार तड़के करीब चार बजे वह दुष्कर्म पीड़िता की छत पर चढ़ गया। वहां सो रहे परिवार के लोगों पर तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से दुष्कर्म पीड़ित किशोरी, उसकी दो बहन व पिता पुत्तीलाल घायल हो गए, जबकि 52 वर्षीय मां की मौत हो गई। शोर सुनकर पड़ोसियों ने अनुराग को पकड़ने की कोशिश की तो वह छत से नीचे कूद गया, जिससे पैर में फ्रैक्चर हो गया। करीब 100 मीटर दूर वह घिसटा। इसके बाद पकड़े जाने के डर से खुद को भी गोली मार ली। मौके पर उसकी भी मौत हो गई।

छावनी में तब्‍दील हुआ गांव

एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना, एएसपी प्रेमचंद्र, सीओ माया राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने गांव को छावनी बना दिया है। फील्ड यूनिट टीम की मदद से पुलिस जांच कर रही है। एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना ने बताया कि घटना की बिंदुवार जांच की जा रही है, यदि और कोई भी इसमें शामिल है तो उसका नाम प्रकाश में लाकर जेल भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें: खाकी का खौफ हुआ खत्म, दौड़ा-दौड़ाकर पुलिसकर्मियों को पीट रहे अपराधी; सिपाही को छत से नीचे फेंका

यह भी पढ़ें: यूपी के इस जिले में दो दारोगा समेत सात पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, जनता से अभद्र व्यवहार करने पर निलंबित