Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मैनपुरी से अपर्णा को टिकट के सवाल पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- उपचुनाव में तीनों सीटें जीतेगी भाजपा

उन्नाव में साकेतधाम में ठा. देवकी नंदन महाराज की श्रीमद्भगवत कथा समारोह के शुभारंभ पर पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बढ़ते अपराध और बढ़ते डेंगू के प्रकोप में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवालों के जवाब दिए ।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek AgnihotriUpdated: Sun, 13 Nov 2022 05:46 PM (IST)
Hero Image
उन्नाव में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जानकारी दी।

उन्नाव, जागरण संवाददाता। यूपी के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि उपचुनाव में मैनपुरी, खतौली और रामपुर में तीनों सीटों पर भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी। मैनपुरी से अपर्णा यादव को टिकट के सवाल पर उन्होंने संगठन द्वारा ही फैसला लेने की बात कही। वह रविवार को यहां साकेतधाम में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे थे। 

उन्नाव में पत्रकारों द्वारा क्या भाजपा अपर्णा यादव पर मैनपुरी में दांव लगा सकती है.. के सवाल किए जाने पर डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रत्याशी कौन होगा यह संगठन तय करेगा। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर पहुंच रहे हैं, रामपुर में स्वयं मैं भी गया था। रामपुर के लोग बदलाव चाह रहे हैं, वहां ऐतिहासिक सम्मेलन हुआ है। रामपुर में लोगों ने कमल खिलाने का मन बना लिया है। प्रत्याशी कौन होगा, यह दो-चार दिन में संगठन घोषित करेगा। इतना तय है कि भाजपा रामपुर और मैनपुरी सीट पर भारी बहुमत से जीत दर्ज कराएगी।

डेंगू का प्रकोप बढ़ने के बाद भी उन्नाव की स्वास्थ्य सेवाएं ठीक न होने के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उन्नाव हमारी प्राथमिकता पर रहता है, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार कराऊंगा। क्राइम रेट बढ़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अपराध हो रहे हैं तो उनका राजफाश भी किया जा रहा है। अपराध को हमारी सरकार चुनौती के रूप में लेती है, अगर तुलनात्मक देखा जाए तो अपराध का ग्राफ बहुत कम हुआ है।

साकेतधाम में ठा. देवकी नंदन महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा वाचन के शुभारंभ कार्यक्रम में यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी पहुंचे। इससे पहले उप मुख्यमंत्री मियागंज में राजसूय यज्ञ में शामिल हुए और यज्ञ में आहुतियां दीं।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर