Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

PMO जाएगा आजमगढ़ का ख्यात ब्लैक पाटरी, खूबसूरत फ्लावर पाट बढ़ाएगा कार्यालय की रौनक

आजमगढ़ जिले से प्रधानमंत्री कार्यालय में जिले का ख्यात ब्लैक पाटरी उत्पाद और खूबसूरत फ्लावर पाट सजेगा तो कन्नौज के इत्र की महक भी बिखरेगी। चूड़ी कारोबार के लिए मशहूर फिरोजाबाद के कांच की मूर्तियां को भी स्थान मिलेगा।

By Abhishek SharmaEdited By: Updated: Mon, 09 Nov 2020 01:34 PM (IST)
Hero Image
प्रधानमंत्री कार्यालय में जिले का ख्यात ब्लैक पाटरी उत्पाद और खूबसूरत फ्लावर पाट सजेगा।

आजमगढ़ [राकेश श्रीवास्तव]। प्रधानमंत्री कार्यालय में आजमगढ़ का ख्यात ब्लैक पाटरी उत्पाद फ्लावर पाट सजेगा तो कन्नौज के इत्र की महक भी बिखरेगी। चूड़ी कारोबार के लिए मशहूर फिरोजाबाद के कांच की मूर्तियां को भी स्थान मिलेगा। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्रालय के ओडीओपी (एक जिला, एक उत्पाद) सेल की मांग पर ये उत्पाद सोमवार को लखनऊ पहुंचाए जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फार लोकल अभियान से जुड़कर उत्तर प्रदेश का हुनर और निखरेगा।

लखनऊ स्थित ओडीओपी सेल ने एक जिला, एक उत्पाद से जुड़े संबंधित जिलों के हस्तशिल्पियों से 100-100 उत्पाद की मांग की है। दीप पर्व पर की गई इस पहल से मिट्टी के परंपरागत कारोबार से जुड़े हस्तशिल्पियों में खुशी है। वे आर्डर के मुताबिक काली मिट्टी के फ्लावर प्लेट व फ्लावर पाट (गुलदस्ता) बनाकर पैकिंग में जुटे हैं। राष्ट्रीय व राज्य पुरस्कार से सम्मानित हुसैनाबाद के हस्तशिल्पी सोहित प्रजापति उत्पाद की बास्केट (टोकरी) लेकर सोमवार की सुबह लखनऊ स्थित ओडीओपी सेल पहुंचेंगे। यहां से बास्केट पीएमओ भेजा जाएगा।

प्रधानमंत्री को मुख्यमंत्री का उपहार

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक यह प्रधानमंत्री को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दीपावली पर्व पर प्रदेश की जनता की तरफ से उपहार होगा। मुख्यमंत्री ने एक नवंबर को ट्वीट कर प्रदेशवासियों को दीपावली के उपहारों के संबंध में सलाह दी है। इसमें उन्होंने कहा है कि कीमत उपहार की नहीं, यादों की होती है। इस दीपावली पर अपने मित्रों व प्रियजनों को प्रदेश के ओडीओपी योजना के विशेष उत्पाद दें और उसे यादों के तौर पर संभालकर रखें। 

बोले अधिकारी

ओडीओपी सेल लखनऊ से ब्लैक पाटरी के अलावा अन्य जिलों के उत्पाद के संबंध में बात की गई थी। निजामाबाद के हस्तशिल्पियों से पहले नमूने मांगे गए थे। अब उत्पाद सोमवार तक लखनऊ पहुंच जाएगा। -प्रवीण मौर्य, उपायुक्त, जिला उद्योग एवं प्रोत्साहन केंद्र।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें