Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

चंदौली में आज राहुल का स्वागत करेंगी प्रियंका, पल्लवी पटेल भी होंगी शामिल; बिहार से यूपी में प्रवेश करेगी यात्रा

अजय राय ने बताया कि उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी की यात्रा का स्वागत पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी करेंगी। प्रदेश में वह राहुल गांधी के साथ चलेंगी। उनके अलावा स्वागत करने वालों में राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय यात्रा के इंचार्ज पीएल पुनिया संदीप दीक्षित विधानमंडल दल की नेता अराधना मिश्रा मोना समेत कई नेता करेंगे।

By vikas ojha Edited By: Vinay Saxena Updated: Fri, 16 Feb 2024 07:44 AM (IST)
Hero Image
यूपी में राहुल गांधी की यात्रा का स्वागत पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी करेंगी।

जागरण टीम, वाराणसी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' बिहार से नौबतपुर के रास्ते शुक्रवार को चंदौली में प्रवेश करेगी। बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को झंडा सौंप रैली को आगे बढ़ाने की शुभकामना देंगे।

अजय राय ने बताया कि उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी की यात्रा का स्वागत पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी करेंगी। प्रदेश में वह राहुल गांधी के साथ चलेंगी। उनके अलावा स्वागत करने वालों में राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय, यात्रा के इंचार्ज पीएल पुनिया, संदीप दीक्षित, विधानमंडल दल की नेता अराधना मिश्रा मोना समेत कई नेता करेंगे। ये सभी चंदौली में रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन यात्रा में राहुल के साथ चलेंगे।

यात्रा में शामि‍ल होंगी पल्लवी पटेल    

मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सीपी राय समेत कई कांग्रेसी नेता राहुल की यात्रा को सफल बनाने के लिए काशी में डेरा डाले हुए हैं। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि कांग्रेस की ओर से आइएनडीआइए गठबंधन में शामिल नेताओं को भी न्योता दिया गया है। अपना दल कमेरावादी की शीर्ष नेता और सिराथू से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने यात्रा में शामिल होने पर हामी भरी है। इसके अलावा काशी के प्रबुद्धजन, काशी की जनता को भी इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

राहुल 16 फरवरी की रात चंदौली के पड़ाव स्थित अवधूत भगवान राम की साधना स्थली के बगल में सेना की जमीन पर रात्रि विश्राम करेंगे। वहां से अगले दिन सुबह आठ बजे यात्रा गोलगड्डा से प्रारंभ होगी। विश्वेश्वरगंज, मैदागिन और चौक होते हुए यात्रा गोदौलिया तक आएगी। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन के बाद राहुल गोदौलिया पर वाहन से ही जनता को संबोधित करेंगे। इसके बाद यात्रा लक्सा, मंडुवाडीह होते हुए भदोही के लिए प्रस्थान कर जाएगी।

यूपी में तीसरी बार बदला राहुल की न्याय यात्रा का कार्यक्रम

राज्य ब्यूरो, लखनऊ: राजनीतिक समीकरणों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का रूट भी बन-बिगड़ रहा है। इसमें तीसरी बार बदलाव किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि पार्टी ने 16 फरवरी को चंदौली से प्रवेश कर रही यात्रा को 21 फरवरी को कानपुर में रोकने का निर्णय किया है।

दो दिन के 'ब्रेक' के बाद यात्रा 24 फरवरी को मुरादाबाद से यात्रा फिर शुरू होगी और अमरोहा, संभल, अलीगढ़, हाथरस व आगरा होते हुए 25 फरवरी को राजस्थान में प्रवेश करेगी। यात्रा उप्र में पहले सात दिन चलनी थी, जो अब आठ दिन चलेगी। यात्रा बुंदेलखंड की राह छोड़कर वापस पश्चिमी उप्र का रुख कर रही है। इसके पीछे मुस्लिम वोट बैंक के साथ किसानों को लुभाने की रणनीति मानी जा रही है। विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए से रालोद के छिटकने और किसानों के दिल्ली कूच का एलान किए जाने के बाद कांग्रेस ने उप्र में यात्रा का रूट बदलकर नया दांव चला है।

यह भी पढ़ें: PM Modi Varanasi Visit: काशी दौरे पर आ रहे हैं पीएम मोदी, 23 फरवरी को करेंगे 33 परियोजनाओं का शिलान्यास

जीआइसी में अनुमति नहीं, भदोही में खेत में रुकेंगे राहुल

जागरण संवाददाता, भदोही: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 17 फरवरी की रात ज्ञानपुर के जीआइसी मैदान में नहीं, बल्कि भदोही के पास मूंसीलाटपुर गांव के एक खेत में रुकेंगे। जिला प्रशासन ने 17 व 18 फरवरी को दो पालियों में होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते इसकी अनुमति नहीं दी। हालांकि, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुमार दुबे ने प्रशासन पर यात्रा में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया। बताया कि राहुल गांधी की यात्रा चौरी के कंधिया से भदोही में प्रवेश करेगी। वह राजपुरा चौराहा जाएंगे, जहां वह जनसभा में भदोही और मीरजापुर के लोगों को संबोधित करेंगे। रविवार को वह गोपीगंज होते हुए प्रयागराज चले जाएंगे।

यह भी पढ़ें: यूपी के मंत्री का सोन‍िया गांधी पर बड़ा बयान, कहा- रायबरेली की जनता ने विषम परिस्थिति में जिताया, लेकि‍न उन्‍होंने...

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें