Move to Jagran APP

आजमगढ़ के सगड़ी इलाके में सैकड़ों घरों में घुसा घाघरा नदी का पानी, लोगों की बढ़ी दुश्वारियां

आजमगढ़ सगड़ी इलाके के घाघरा नदी का जलस्तर तीन दिनों से वृद्धि के उपरांत रविवार को स्थित हो गया लेकिन परेशानियां कम नहीं हुई हैं।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Updated: Mon, 17 Aug 2020 09:36 AM (IST)
Hero Image
आजमगढ़ के सगड़ी इलाके में सैकड़ों घरों में घुसा घाघरा नदी का पानी, लोगों की बढ़ी दुश्वारियां
आजमगढ़, जेएनएन। घाघरा नदी का जलस्तर तीन दिनों से वृद्धि के उपरांत रविवार को स्थित हो गया लेकिन परेशानियां कम नहीं हुई हैं। नदी का पानी गांवों में घुसने के कारण ग्रामीण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई गांव चारो ओर पानी से घिरे हैं। फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं और पशुओं के साथ ही गांव के लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री आपदा का पैकेट लोगों में वितरित किया जा रहा है।

जलस्तर में दूसरी बार वृद्धि होने से समस्या बढ़ गई है। लोगों को ईंधन व रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए बंधे पर स्थित बाजार में नाव के सहारे पहुंचना पड़ रहा है। उधर नदी किनारे स्थित त्रिलोकी के पूरा में डेढ़ दर्जन घर नदी के मुहाने पर हैं। लोग गृहस्थी का सामान लेकर पलायन कर रहे हैं। चक्की हाजीपुर, उरई झाला सहित आधा दर्जन स्थानों पर तहसीलदार बृजेश पाठक द्वारा मुख्यमंत्री आपदा राहत पैकेट का वितरण कराया जा रहा है।

बांध पर बढ़ रहा दबाव

घाघरा नदी में दोबारा जल स्तर में वृद्धि होने से महुला-गढ़वाल बांध पर दबाव बढऩे लगा है। पानी के दबाव के साथ रिसाव की भी संभावना बनी हुई है। बाढ़ खंड विभाग निरंतर बंधे पर भ्रमण कर रहा है और हो रहे रिसाव को बांधने में जुटा हुआ है।

घाघरा नदी का जलस्तर

नदी का जलस्तर मुख्य माप स्थल बदरहुआ गेज पर शनिवार शाम चार बजे 72.71 पर मीटर दर्ज किया गया, जबकि रविवार शाम चार बजे 72.69 मीटर दर्ज किया गया। दोनों ही दिन सुबह से लेकर शाम तक नदी का जलस्तर एक बिंदु पर स्थिर रहा। 24 घंटे में मात्र दो सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई। डिघिया गेज पर शनिवार की शाम चार बजे 71.77 मीटर दर्ज किया गया, जबकि रविवार की शाम चार बजे 71.84 मीटर दर्ज किया गया। यहां पर भी सुबह आठ बजे से लेकर शाम चार बजे तक दोनों दिन एक ही बिंदु पर जलस्तर स्थिर रहा। 24 घंटे में मात्र सात सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।