Move to Jagran APP

UP MLC Election 2022 : पांचवीं बार वाराणसी के कपसेठी हाउस को रोकना भाजपा-सपा को चुनौती

वाराणसी के एमएलसी सीट पर कपसेठी निवासी और सेंट्रल जेल में बंद बृजेश सिंह हैं। इसके पूर्व इनकी पत्नी अन्नपूर्णा सिंह एमएलसी थीं। बृजेश के साथ ही अन्नपूर्णा ने भी इस बार नामांकन किया है। उसके पूर्व बृजेश सिंह के भाई उदयभान उर्फ चुलबुल सिंह भी दो बार एमएलसी रहे।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Updated: Tue, 22 Mar 2022 07:10 AM (IST)
Hero Image
अन्नपूर्णा सिंह ने भी इस बार नामांकन किया है।
जागरण संवाददाता, वाराणसी : स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र वाराणसी के निर्वाचन के लिए नामांकन पत्र दाखिले की प्रक्रिया पूरी हो गई है। भाजपा और सपा ने ताल ठोंक दी है। इसके बावजूद कपसेठी हाउस के बृजेश सिंह को इस सीट पर रोकना भाजपा और सपा के लिए चुनौती होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि सपा, बसपा, भाजपा सभी के शासनकाल में हुए चुनावों में लगातार चार बार से यह सीट कपसेठी हाउस के कब्जे में रही है।

इस सीट पर एमएलसी कपसेठी निवासी और सेंट्रल जेल में बंद माफिया बृजेश सिंह हैं। इसके पूर्व इनकी पत्नी अन्नपूर्णा सिंह एमएलसी थीं। बृजेश के साथ ही अन्नपूर्णा सिंह ने भी इस बार नामांकन किया है। उसके पूर्व बृजेश सिंह के भाई उदयभान उर्फ चुलबुल सिंह भी दो बार एमएलसी रहे। 2016 के चुनाव में बृजेश सिंह के सामने सपा की दमदार प्रत्याशी मीना सिंह थीं। प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार थी। इसके बावजूद बृजेश ने रिकार्ड 3038 वोट प्राप्त कर मीना सिंह को हराया। मीना को मात्र 1084 वोट मिले। वैसे विधानसभा चुनाव 2022 में सपा, भाजपा को कड़ी टक्कर देने के बाद काफी उत्साहित है। सपा ने जिला पंचायत सदस्य उमेश यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है। सोमवार को उमेश का नामांकन कराने के लिए सपा के कई पूर्व व वर्तमान सांसद, विधायक और वाराणसी, भदोही, चंदौली के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। सपा इस चुनाव को पूरी गंभीरता से लड़ रही है।

इस सीट पर 2016 में भाजपा ने तो कोई प्रत्याशी नहीं दिया था। इस बार अंतिम दिन नामांकन शुरू होने के बाद भाजपा ने डा. सुदामा पटेल को अपना प्रत्याशी घोषित किया। नामांकन के लिए पहुंचे डा. सुदामा के साथ जिले से जीते कई विधायक शहर में होने के बावजूद नहीं दिखे। इतना ही नहीं, काशी क्षेत्र और जिला व महानगर के भी कई लोग नहीं पहुंचे। अब देखने की बात यह होगी सत्ताधारी भाजपा व उत्साह से लवरेज सपा अपने-अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए माफिया बृजेश सिंह के सामने कितनी मजबूती से खड़ी हो पाती है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।