Move to Jagran APP

एयरपोर्ट पर 6 दिन का बच्चा लेकर पहुंची महिला, शक होने पर अधिकारियों ने रोका तो जवाब सुनते ही चौंक गए

वाराणसी के लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। यहां एक नवजात बच्चे को हवाई यात्रा करने से रोक दिया गया। बर्थ सर्टिफिकेट पर संदेह होने पर जांच अधिकारियों ने बच्चे को साथ लाने वाली महिला से पूछताछ की। महिला ने बताया कि वह बच्चे को एक अस्पताल से खरीद कर लाई है जिसे वह अपनी बहन के पास ले जा रही थी।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Fri, 23 Aug 2024 03:43 AM (IST)
Hero Image
एयरपोर्ट पर रोका गया छह दिन का नवजात। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, वाराणसी। बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार की शाम बर्थ सर्टिफिकेट पर शक होने पर छह दिन के नवजात को रोक लिया गया।

यह है पूरा मामला 

सूजाबाद-पड़ाव की निधि सिंह व अशोक कुमार पटेल आकासा एयरलाइंस के विमान से बच्चे को बेंगलुरु ले जा रहे थे। दोनों के नामों में भिन्नता और उनकी गतिविधियों पर संदेह के साथ बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र में उम्र छह दिन दर्ज पाई गई। 

एयरलाइंस कर्मियों ने पूछताछ के साथ इसकी सूचना पुलिस को दी। दोनों यात्रियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसमें महिला यात्री निधि सिंह ने बच्चे को चंदौली के पं. दीनदयाल नगर स्थित अस्पताल से 50 हजार रुपये में खरीदने की बात कबूली। कहा कि बच्चे को अपनी बहन के लिए लेकर बेंगलुरु जा रही थी।

सात दिन से कम का नवजात नहीं कर सकता हवाई सफर

दोनों अकासा एयरलाइंस के विमान क्यूपी 1424 से बेंगलुरु जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। विमान वाराणसी एयरपोर्ट से रात 7:45 बजे उड़ान भरकर 10:25 बजे बेंगलुरु पहुंचता है। 

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार सात दिन से कम का नवजात हवाई यात्रा नहीं कर सकता है। एयरलाइंस काउंटर पर जांच के समय बर्थ सर्टिफिकेट में नवजात का नाम रुद्रांश सिंह व उम्र छह दिन दर्ज पाई गई। महिला और सहयात्री के नाम में भी भिन्नता थी। महिला बच्चे को दूध भी बोतल से पिला रही थी। एयरलाइंस कर्मियों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों के साथ पुलिस को दी। 

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया

मौके पर पहुंचे डीसीपी, एसीपी, एसओ और चौकी प्रभारी ने महिला और सहयात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की। महिला ने पति का नाम राजेश कुमार सिंह बताया। 

थाना प्रभारी फूलपुर प्रवीण सिंह ने बताया कि महिला व सहयात्री से पूछताछ की जा रही है। बच्चा चंदौली के किसी हॉस्पिटल से चुराया या गायब किया गया है। विस्तृत जानकारी पूछताछ पूरी होने के बाद मिल सकेगी।

यह भी पढ़ें: आशिकी का यही अंजाम होता है! रात में गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा, चोर समझकर पीटा गया; फिर पहुंची पुलिस

यह भी पढ़ें: एक ऐसा लुटेरा जो लोगों को बुलाकर लूटता था, PAC का बर्खास्त जवान बन गया अपराधी, गिरफ्तार

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें