Move to Jagran APP

UP News: दिसंबर में 'गंगा विलास' से दुनिया के सबसे लंबे सफर पर निकलेंगे 30 पर्यटक, बुकिंग फुल

दुनिया के सबसे लंबे सफर पर निकलने जा रहा है गंगा विलास क्रूज। कोलकाता से डिब्रूगढ़ तक की इस यात्रा में 30 पर्यटक 27 नदी प्रणालियों से गुजरेंगे। 51 दिनों की इस यात्रा में पर्यटकों को करीब साढ़े 25 लाख रुपये खर्च करने होंगे। बुकिंग फुल हो चुकी है। गंगा विलास के दोनों ट्रिप की बुकिंग हो चुकी है। यात्रा के जरूरी इंतजाम हो रहे हैं।

By Sangram Singh Edited By: Vivek Shukla Updated: Thu, 17 Oct 2024 12:53 PM (IST)
Hero Image
राष्ट्रीय जलमार्ग-एक में गाजीपुर को क्रास करता बंगाल गंगा क्रूज। सोर्स : आइडब्ल्यूएआइ

संग्राम सिंह, जागरण, वाराणसी। गंगा में राष्ट्रीय जलमार्ग-एक (हल्दिया से प्रयागराज) के रास्ते कई देशों के 30 पर्यटक दिसंबर-जनवरी में दुनिया के सबसे लंबे सफर पर निकलेंगे। यह मुसाफिर गंगा विलास क्रूज पर कोलकाता से रवाना होंगे, पहले वह बनारस आएंगे। फिर यहीं से पांच सितारा सुविधाओं से लैस यही क्रूज कोलकाता वापस लौटेगा और बांग्लादेश होते हुए असम के डिब्रूगढ़ तक जाएगा।

इस यात्रा के लिए भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने रूट फाइनल कर दिया है। करीब 3200 किलोमीटर की यात्रा के दौरान क्रूज 27 नदी प्रणालियों से गुजरेगा, इसमें तीन डेक और 18 सुईट उपलब्ध हैं। करीब 51 दिनोें में यात्रा पूर्ण होगी, इसके लिए पर्यटकों को करीब साढ़े 25 लाख रुपये खर्च करने होंगे।

24 घंटे के लिए 50 हजार रुपये (प्रति सूईट) किराया निर्धारित हुआ है। बुकिंग फुल हो चुकी है। हालांकि वर्ष 2023 में किराया 25 हजार रुपये (24 घंटे) था, लेकिन इस बार किराये में दोगुना वृद्धि हो गई है। यात्रा कार्यक्रम में पटना, साहिबगंज, बनारस, कोलकाता, ढाका और गुवाहाटी जैसे प्रमुख शहरों के लिए विश्व धरोहर स्थल, राष्ट्रीय उद्यान और नदी घाट को शामिल किया गया है।

इसे भी पढ़ें-यूपी में किसानों को एक पखवारे पहले मिलेगी मौसम की सटीक जानकारी, हर तहसील में बनेगा वेदर स्‍टेशन

यह क्रूज 12 मीटर चौड़ा और 62 मीटर लंबा है। यही क्रूज काेलकाता से सिर्फ बनारस तक यात्रा के लिए एक अक्टूबर को निकल चुका है, वह 24 अक्टूबर तक काशी पहुंचेगा। बुधवार को मुंगेर तक सफर पूरा कर लिया है। 20 को पटना पहुंच जाएगा, इसमें आस्ट्रिया, स्विट्जरलैंड, बेल्जियम और संयुक्त राज्य अमेरिका के कुल 14 पर्यटक सवार हैं।

तीन दिन घूमने-फिरने के बाद मुसाफिर 27 अक्टूबर को वापस कोलकाता के लिए रवाना हो जाएंगे। रिवर क्रूज के मालिक राज सिंह ने बताया कि गंगा विलास के दोनों ट्रिप की बुकिंग हो चुकी है। यात्रा के जरूरी इंतजाम हो रहे हैं।

राष्ट्रीय जलमार्ग-एक में बिहार के मुंगेर जिले को क्रास करता गंगा विलास क्रूज। सोर्स : आइडब्ल्यूएआइ


आज काशी पहुंचेगा 'बंगाल गंगा', अप्रैल तक करिए पूर्वांचल व अवध की सैर

कोलकाता से 16 विदेशी पर्यटकों को लेकर बंगाल गंगा क्रूज गुरुवार को बनारस पहुंचेगा। वह एक अक्टूबर को रवाना हुआ था। बुधवार को उसने गाजीपुर क्रास कर लिया है। अप्रैल 2025 तक अब इस शाही क्रूज का बेस बनारस ही होगा, यहीं से पूर्वांचल और अवध क्षेत्र के विशेष स्थलों की सैर की सुविधा मिलेगी।

इसे भी पढ़ें-नेपाल में मुस्लिम महिलाओं को कट्टरता का पाठ पढ़ा रहा दावत-ए-इस्लामी, खोला गया है 'इंस्टीट्यूट'

देव दीपावली और प्रयाग में कुंभ के लिए खास बुकिंग शुरू हुई है। यहीं से क्रूज का संचालन होगा। बनारस से गाजीपुर-बक्सर-बलिया और बनारस से मीरजापुर-प्रयागराज तक पर्यटकों को सफर का आनंद मिलेगा।

24 घंटे के लिए प्रति सूईट का किराया करीब 30 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। 20 कमरों में 40 लोग सफर कर सकेंगे, इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।