Move to Jagran APP

Almora-Dehradun Heli Service: पहले दिन से ही घाटे में चल रही हेली सेवा, अल्मोड़ा और देहरादून से नहीं मिले यात्री

Almora-Dehradun Heli Service अल्मोड़ा-देहरादून हेली सेवा को लेकर लोगों में उत्साह नहीं है। पहले दिन से ही हेली सेवा घाटे में संचालित हो रही है। 11 सीटर हेलीकॉप्टर को यात्री नहीं मिल रहे हैं। कभी एक तो कभी तीन सवारी लेकर हेली सेवा का संचालन किया जा रहा है। जिससे हर दिन हजारों की चपत लग रही है। यह सेवा विगत 10 अक्‍टूबर को शुरू हुई थी।

By santosh bisht Edited By: Nirmala Bohra Updated: Wed, 16 Oct 2024 05:37 PM (IST)
Hero Image
Almora-Dehradun Heli Service: अल्मोड़ा-दून हेली सेवा ने बिन यात्री भरी उड़ान। जागरण

संस, जागरण अल्मोड़ा। Almora-Dehradun Heli Service: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा से देहरादून के लिए सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले यात्रियों को घंटों का सफर तय करने की समस्या से मुक्ति मिल सके, इसके लिए 10 अक्टूबर को अल्मोड़ा से देहरादून को हेली सेवा का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। लेकिन पहले दिन से ही लोगों में हेली सेवा को लेकर उत्साह नहीं देखा गया।

अब स्थिति यह है कि बुधवार को अल्मोड़ा-दून हेली सेवा को बिन यात्री उड़ान भरनी पड़ी। न अल्मोड़ा और न देहरादून से यात्री मिल सके। यात्री नहीं मिलने का कारण अधिक किराया बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने किराया कम करने की मांग उठाई है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड आने वाले सैलानियों के लिए विदेश की तर्ज पर घूमने का नया ठिकाना, तारों की छांव में उठाएंगे पहाड़ी खाने का लुत्‍फ

तीन दिन के भीतर केवल 10 सवारियों ने की यात्रा

अल्मोड़ा से देहरादून को शुरू हुई हेली सेवा को लेकर लोगों में उत्साह नहीं है। पहले दिन से ही हेली सेवा घाटे में संचालित हो रही है। 11 सीटर हेलीकाप्टर को यात्री नहीं मिल रहे हैं।

कभी एक तो कभी तीन सवारी लेकर हेली सेवा का संचालन किया जा रहा है। जिससे हर दिन हजारों की चपत लग रही है। तीन दिन के भीतर केवल 10 सवारियों ने यात्रा की। जिसमें सोमवार को देहरादून से अल्मोड़ा को चार, अल्मोड़ा से दून को तीन, मंगलवार को अल्मोड़ा से तीन यात्री देहरादून को गए।

वहीं बुधवार को अल्मोड़ा से और देहरादून से हेली सेवा को एक भी यात्री नहीं मिला। मुख्य सुरक्षा अधिकारी उत्तराखंड नगारिक उड्डयन विकास प्राधिकरण राम सिंह कठैत ने बताया कि सोमवार से शनिवार तक हेली सेवा का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों की संख्या फिलहाल कम है।

दो वर्ष बाद फिर शुरु हुई अल्मोड़ा से हेली सेवा

आखिर दो वर्ष बाद एक बार फिर अल्मोड़ा से देहरादून को हेली सेवा शुरु हो गई है। सेवा प्रतिदिन सोमवार से शनिवार तक चलेगी। 10 अक्‍टूबर को सहस्त्रधारा हेलीपैड से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून-अल्मोड़ा हेली सेवा काे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह भी पढ़ें- सावधान! एक फोन कॉल आपको कर देगी कंगाल, 30 से ज्‍यादा लोगों को लगा चूना; सतर्क रहें और ये गलतियां कतई न करें

केंद्रीय परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा सहित कुल चार यात्रियों ने पवन हंस के 11 सीटर हेलीकॉप्टर से अल्मोड़ा के लिए उड़ान भरी। इस बार शुरु हुई उड़ान में पंकज जोशी पहले यात्री बने।

दो वर्ष पूर्व 26 अगस्त 2022 को देहरादून-अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ तक हेली सेवा शुरु हुई थी। तब जौलीग्रांट हवाई अड्डे से सीएम ने हरी झंडी दिखाकर सेवा का शुभारंभ किया था। तीन माह चलने के बाद नवंबर 2023 में यह सेवा ठप हो गई थी।

तब कहा गया था कि तकनीकी व मौसम की खराबी के कारण यह सेवा नियमित नहीं चल रही है। जिसके बाद हेलीसेवा बंद कर दी गई। दो वर्ष बाद फिर एक बार यह सेवा शुरु हुई है। अब देखना दिलचस्प होगा की सेवा नियमित रहती है या नहीं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।