Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Almora: पहाड़ पर सुबह-शाम गलन भरी ठंड, अल्मोड़ा का तापमान पहुंचा एक डिग्री; सब्जियों पर पाले का असर

Almoraपर्वतीय अंचल में सुबह-शाम गलन भरी ठंड पड़ रही है। हालांकि दिन में धूप खिलने से राहत है। सुबह ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पाला गिरे रहने तथा घाटी वाले क्षेत्रों में आंशिक तौर पर कोहरा छाया रहने से सुबह गलन भरी ठंड रही। अधिकतम तापमान विगत दिवस की भांति ही स्थिर रहा। ठंड से बचाव के लिए लोग हीटर ब्लोअर अलाव समेत गरम कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।

By dk joshiEdited By: Swati SinghUpdated: Tue, 19 Dec 2023 03:12 PM (IST)
Hero Image
पहाड़ में सोमवार को दिन भर सर्द हवा के साथ धूप खिली रही। जागरण

डीके जोशी, अल्मोड़ा। पर्वतीय अंचल में सुबह-शाम गलन भरी ठंड पड़ रही है। हालांकि दिन में धूप खिलने से राहत है। सोमवार की सुबह ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पाला गिरे रहने तथा घाटी वाले क्षेत्रों में आंशिक तौर पर कोहरा छाया रहने से सुबह गलन भरी ठंड रही। अधिकतम तापमान विगत दिवस की भांति ही स्थिर रहा।

वहीं न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। पहाड़ में सर्दी दिनों दिन बढ़ती जा रही है। रात को पाला गिरने तथा आसपास के घाटी वाले क्षेत्रों में कोहरा ठंडक बढ़ा रहा है। सूर्य की तपिश से पूर्वाह्न बाद ही लोगों को सुबह की ठंड से राहत मिल पा रही है।

लोग ले रहे हीटर का सहारा

ठंड से बचाव के लिए लोग हीटर, ब्लोअर, अलाव समेत गरम कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। उधर जागेश्वरधाम, बिन्सर, शौकियाथल, मोरनौला आदि क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। सोमवार को अल्मोड़ा का अधिकतम तापमान 19 तथा न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं विगत दिवस अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सब्जियों पर पाले की मार

एक तरफ कड़ाके की ठंड और दूसरी ओर सुबह पड़ रहे भारी मात्रा में पाला लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। पाला गिरने से जहां सुबह कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर पाले का असर फसलों पर पड़ने लगा है। रबी की फसल समेत साग सब्जियों पर पाले की मार पड़ रही है।

जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीर खिंच गई है। दिसंबर दूसरे पखवाड़े में ठंड का प्रकोप हर दिन बढ़ रहा है। जागेश्वर, बिनसर समेत तमाम क्षेत्रों में सुबह के समय भारी मात्रा में पाला गिर रहा है। पाला गिरने का असर अब फसलों पर भी पड़ने लगा है।