Move to Jagran APP

Kausani: पर्यटकों से गुलजार हुई पहाड़ों की रानी कौसानी, चाय बागान सहित हसीन वादियों में खोए सैलानी

Kausani पहाड़ों की रानी कौसानी पर्यटकों से गुलजार हो गई है। अधिकांश होटलों में पर्यटक आने लगे हैं। तराई में भीषण गर्मी हो रही है। पहाड़ का मौसम इस बार वर्षा ओलावृष्टि और हिमालयी भू-भाग पर अप्रैल माह तक हुए हिमपात से सुहावना बना है।

By Jagran NewsEdited By: Swati SinghUpdated: Wed, 31 May 2023 10:25 AM (IST)
Hero Image
पर्यटकों से गुलजार हुई पहाड़ों की रानी कौसानी, चाय बागान सहित हसीन वादियों में खोए सैलानी

बागेश्वर, जागरण संवाददाता। पहाड़ों की रानी कौसानी पर्यटकों से गुलजार हो गई है। अधिकांश होटलों में पर्यटक आने लगे हैं। वह अनाशक्ति आश्रम से हिमालय की लंबी श्रृंखला का नयनाभिराम कर रहे हैं। यहां से दिखाई देने वाले नगाधिराज के साथ सेल्फी ले रहे हैं। कभी बादल तो कभी साफ मौसम के मध्य हिमालय की चमक ने पर्यटकों लुभा रही है।

तराई में भीषण गर्मी हो रही है। पहाड़ का मौसम इस बार वर्षा, ओलावृष्टि और हिमालयी भू-भाग पर अप्रैल माह तक हुए हिमपात से सुहावना बना है। कौसानी में देश के विभिन्न हिस्सों से आए मेहमानों का तांता लगने लगा है। पर्यटक अनाशक्ति आश्रम, पंथ विथीका, स्नो व्यू, राधा कृष्ण मंदिर, समेत क्षेत्र के कई दर्शनीय क्षेत्रों का खूब लुत्फ उठा रहे हैं। पर्यटकों ने चाय बागान भी देखे।

वादियों की खूबसूरती में खोए पर्यटक

अनेक पर्यटक अपने परिवारों के साथ यहां पहुंचे हैं। वह पूरे जोश के साथ मौज मस्ती कर रहे हैं। होटल व्यवसायियों ने पर्यटकों के रहने, खाने पीने के बेहतरीन इंतजाम किए हैं। कृष्णा माउंट व्यू के मालिक पूरन चंद्र भट्ट ने बताया कि पर्यटकों के लिए पहाड़ी उत्पादों से भी भोजन तैयार किया है। पर्यटक इसे खूब पसंद कर रहे हैं।

मिस्टी माउंट व्यू के मालिक गिरीश नेगी ने बताया कि पर्यटकों को कौसानी की प्रसिद्ध चाय भेंट कर रहे हैं। पर्यटकों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो, इसके लिए पुलिस ने भी सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। इधर, जिले के विभिन्न दर्शनीय स्थलों पर भी पर्यटकों का आना-जाना प्रारंभ हो गया है।

सुध नहीं ले रहा प्रशासन

स्थानीय व्यापारी पूरन दोसाद ने बताया कि कौसानी अनासक्ति आश्रम, जिला पंचायत के डाक बंगले सहित रुद्रधारी बैजनाथ मंदिर, चाय बागान तक देशी-विदेशी पर्यटकों का तांता है। लेकिन अनासक्ति आश्रम को जाने वाली सड़क की हालत दयनीय है। नालियां बंद पड़ी हैं। झाड़ियां नहीं कटी है। स्ट्रीट लाइट बंद हो रही है। एकतीर और बैंड पर सड़क पिछले वर्ष से टूटी हुई है। जबकि सड़क में आए दिन वीआईपी और वीवीआईपी का काफिला रहता है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।